Headlines

मुजफ्फरपुर-फाइनेंस कर्मचारियों से लूट के आरोपी गिरफ्तार:5 नवंबर को जजुआर और 14 अक्टूबर को औराई में हुई थी वारदात, देशी कट्टा-कारतूस जब्त




मुजफ्फरपुर के जजुआर ओपी क्षेत्र में पुलिस ने लूट के दो मामलों में शामिल होने के आरोप में मोनू कुमार को गिरफ्तार किया है। वह औराई थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने दो फाइनेंस कर्मचारियों से लूट की वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, लूट में इस्तेमाल अपाची बाइक, 4 हजार रुपए और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया आरोपी ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि दीपावली को देखते हुए एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों को सूचना जुटाने, वाहन जांच करने और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया था। इसी के तहत 7 नवंबर की रात जजुआर ओपी की पुलिस टीम गश्त और छापेमारी कर रही थी। इस दौरान तीन मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने उन्हें रोककर जांच की। मोनू के पास से देशी कट्टा और जिंदा कारतूस मिला। जांच में एक मोटरसाइकिल चोरी की निकली। वहीं, एक अपाची बाइक का इस्तेमाल लूट की वारदात में किए जाने की बात सामने आई। 5 नवंबर को जजुआर और 14 अक्टूबर को औराई में की थी लूट ग्रामीण एसपी के अनुसार, पूछताछ में मोनू ने दो साथियों के साथ 5 नवंबर को जजुआर ओपी क्षेत्र में आईआईएफएल समस्ता फाइनेंस लिमिटेड के सेल्स ऑफिसर से लूट करने की बात कबूली। इस मामले में जजुआर ओपी (कटरा थाना) में केस नंबर 286/26 दर्ज है। उसने 14 अक्टूबर को औराई थाना क्षेत्र में फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी के एक कर्मचारी से हुई लूट में भी शामिल होने की बात स्वीकार की। इस मामले में औराई थाना में केस नंबर 350/26 दर्ज है। पुलिस ने इन दोनों मामलों का खुलासा करने का दावा किया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी ग्रामीण एसपी ने बताया कि मोनू की निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *