- Hindi News
- National
- Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar
2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बेंगलुरु पुलिस ने शहर में अवैध रूप से रह रहे 31 बांग्लादेशी नागरिकों को वापस भेजने के लिए पश्चिम बंगाल भेजा है। इन सभी को अगस्त में इलेक्ट्रॉनिक सिटी डिवीजन के 10 पुलिस थानों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान हिरासत में लिया गया था।
पुलिस के मुताबिक, अब पश्चिम बंगाल के अधिकारी जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद इन लोगों को बांग्लादेश वापस भेजेंगे। ये सभी बांग्लादेश के खुलना जिले के बागेरहाट के रहने वाले हैं और माना जा रहा है कि उन्होंने अवैध तरीके से भारत में प्रवेश किया था।
29 जगहों पर हुई कार्रवाई में पुलिस ने 1,909 संदिग्ध अवैध प्रवासियों को हिरासत में लिया था। बाकी 1,894 संदिग्धों के दस्तावेजों की जांच अभी जारी है। उनके वीजा, पासपोर्ट और नागरिकता से जुड़े अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
पुणे में NDA में तैनात सर्विस पर्सनल रेलवे ट्रैक पर मृत मिले, जांच शुरू

पुणे में खड़कवासला स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) में तैनात एक सर्विस पर्सनल बुधवार को रेलवे ट्रैक पर मृत पाए गए। पंजाब के मानसा जिले के रहने वाले हवलदार जगतार सिंह इस प्रतिष्ठित ट्राई-सर्विस ट्रेनिंग एकेडमी में तैनात थे।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को 1 सितंबर को शाम करीब 5.30 बजे खड़की और शिवाजीनगर के बीच रेलवे ट्रैक पर उनका शव मिला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए औंध के सरकारी अस्पताल भेजा गया। मृतक सैनिक के परिवार वालों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए ‘कोर्ट ऑफ इंक्वायरी’ (जांच) के आदेश दिए गए हैं।
तमिलनाडु में विधानसभा-सचिवालय की जगह बदलेगी, फोर्ट सेंट जॉर्ज से शिफ्ट करने की तैयारी

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय आज विधानसभा और सचिवालय को ऐतिहासिक फोर्ट सेंट जॉर्ज परिसर से बाहर शिफ्ट करने की योजना का ऐलान कर सकते हैं। सरकार नए इंटीग्रेटेड कॉम्प्लेक्स के लिए पट्टिनपक्कम, नंदनबक्कम, कोयंबेडु और गिंडी में हाईवे विभाग की जमीन समेत चार जगहों पर विचार कर रही है।
फोर्ट सेंट जॉर्ज दशकों से तमिलनाडु सरकार और विधानसभा का मुख्यालय रहा है। यह घोषणा ऐसे समय हो सकती है, जब पारंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को लेकर राज्य में राजनीतिक बहस चल रही है।
मुख्यमंत्री विजय ने पर्यावरण, कृषि भूमि और स्थानीय लोगों की आजीविका पर असर का हवाला देते हुए प्रोजेक्ट रद्द करने का ऐलान किया था। अब एयरपोर्ट के लिए वैकल्पिक जगह तलाशने और उसकी व्यवहार्यता जांचने की प्रक्रिया चल रही है।
BCI के हर नीतिगत फैसले में अटॉर्नी जनरल और सॉलिसिटर जनरल की सलाह जरूरी, सुप्रीम कोर्ट ने दिए निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कहा कि बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) को अपने हर नीतिगत फैसले में भारत के अटॉर्नी जनरल और सॉलिसिटर जनरल से सलाह लेनी होगी।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच BCI के चेयरपर्सन मनन कुमार मिश्रा के लंबे कार्यकाल की वैधता को चुनौती देने और उन्हें पद से हटाने की मांग वाली याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी। बेंच में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल हैं।
अधिवक्ता योगमाया एमजी की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि मनन कुमार मिश्रा पहली बार 2012 तक BCI के चेयरपर्सन चुने गए थे। उन्होंने 2014 में कुछ समय के लिए पद छोड़ा था, लेकिन उसी साल नवंबर में दोबारा चेयरपर्सन बन गए और तब से लगातार इस पद पर बने हुए हैं।
असम के धेमाजी में टीचर ने पत्नी और 2 बच्चों की हत्या की, बड़ी बेटी गंभीर रूप से घायल

असम के धेमाजी में बुधवार को एक स्कूल टीचर ने अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर दी। आरोपी ने धारदार हथियार से हमला किया, जिसमें पत्नी चिनुआरा बेगम और दो बच्चों शकील अली और रिजिका बेगम की मौत हो गई। बड़ी बेटी गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है। आरोपी फिरोज अली गमचुक प्राइमरी स्कूल में असिस्टेंट टीचर है। आरोपी के हमले के पीछे की वजह अभी पता नहीं चल सकी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अन्ना हजारे की तबीयत में सुधार, 2 दिन और अस्पताल में रहेंगे, महाराष्ट्र के सीएम ने मुलाकात की

मुंबई के बॉम्बे अस्पताल में भर्ती अन्ना हजारे की तबीयत में सुधार हो रहा है। अब डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक वे ठीक से खाना खा रहे हैं। उनके करीबी सहयोगी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
डॉक्टरों के मुताबिक, अन्ना हजारे को अभी दो दिन और अस्पताल में निगरानी में रखा जाएगा। उनके सहयोगी ने बताया कि डॉक्टरों ने उनकी जांच की है और उनकी हालत में सुधार है। पूरी तरह ठीक होने के बाद वह अपने गांव लौटेंगे।
अन्ना हजारे को सोमवार रात मुंबई के बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनके ब्लड टेस्ट में किडनी में संक्रमण के संकेत मिले थे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार शाम मुंबई के अस्पताल पहुंचकर अन्ना हजारे से मुलाकात की और उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली।
दिल्ली हाईकोर्ट ने ताहिर हुसैन की अपील पर पुलिस से जवाब मांगा, 2 दिसंबर को अगली सुनवाई

दिल्ली हाईकोर्ट ने आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन की अपील पर पुलिस से जवाब मांगा है। हुसैन ने 2020 के दिल्ली दंगों के दौरान आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में मिली उम्रकैद की सजा को चुनौती दी है।
जस्टिस प्रतिभा एम. सिंह और विकास महाजन की पीठ ने अपील स्वीकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई 2 दिसंबर को तय की है। कोर्ट ने जेल प्रशासन को हुसैन की नाममात्र रिपोर्ट पेश करने और ट्रायल कोर्ट के रिकॉर्ड भी मंगाने का निर्देश दिया।
ट्रायल कोर्ट ने 31 जुलाई को ताहिर हुसैन और चार अन्य दोषियों नाजिम, कासिम, जावेद और अनस को अंकित शर्मा की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
दिल्ली के रोहिणी में कैश-ज्वेलरी के लिए मौसा की हत्या, 24 साल की भांजी समेत 3 गिरफ्तार

दिल्ली के रोहिणी में 60 साल के राकेश खन्ना की हत्या और लूट के मामले में पुलिस ने उनकी 24 साल की भांजी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती ने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची थी।
वारदात के वक्त राकेश घर में अकेले थे। पत्नी के लौटने पर वह बेहोश मिले और घर का सामान बिखरा हुआ था। मोबाइल, कैश और ज्वेलरी भी गायब थी। अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से तीनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया। उनके पास से लूटा गया कैश और ज्वेलरी बरामद करने का दावा किया गया है। मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ होगी।
महाराष्ट्र के नासिक पहुंचे राहुल गांधी, संगठन सृजन अभियान प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में शामिल होंगे

राहुल गांधी बुधवार को नासिक के ओझर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह एमटीडीसी रिजॉर्ट के लिए रवाना हुए। वह गंगापुर डैम के पास कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में शामिल होंगे।
यूक्रेन पर रूसी हमले में भारतीय समेत 12 की मौत, अब तक रूसी सेना में भर्ती 51 भारतीयों की जान गई

यूक्रेन पर रूस के ताजा ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइल हमलों में 12 लोगों की मौत हुई। इनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमलों में दर्जनों लोग घायल हुए हैं और कई आवासीय इमारतों तथा नागरिक ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
वहीं, रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच रूसी सेना में भर्ती किए गए 227 भारतीय नागरिकों में से 51 की मोर्चे पर मौत हो चुकी है, जबकि 139 को सेना से मुक्त कराया जा चुका है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि शेष भारतीयों की रिहाई और स्वदेश वापसी के लिए रूस के साथ लगातार बातचीत चल रही है।
CBI के भ्रष्टाचार के 7,229 केस अदालतों में लंबित, 409 को 20 साल से फैसले का इंतजार

केंद्रीय सतर्कता आयोग की 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, 31 दिसंबर 2025 तक CBI की जांच वाले भ्रष्टाचार के 7,229 मामले अदालतों में लंबित थे। इनमें 409 केस ऐसे हैं, जो 20 साल से ज्यादा समय से चल रहे हैं। वहीं 2,447 मामले 10 से 20 साल और 1,901 मामले 5 से 10 साल से लंबित हैं।
रिपोर्ट के अनुसार CBI से जुड़े करीब 14,083 मामलों की अपीलें हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भी लंबित थीं। मामलों में देरी की वजह विदेशों से जानकारी मिलने में समय, दस्तावेजों की जांच, बैंक धोखाधड़ी की जटिलता और दूरदराज के गवाहों को तलाशने में परेशानी बताई गई है।
तमिलनाडु के मदुरै में स्कूल में एडमिशन को लेकर विवाद, 16 साल की छात्रा ने सुसाइड किया

तमिलनाडु के मदुरै जिले में 16 साल की दलित छात्रा निजनथी ने सुसाइड कर लिया। परिवार का आरोप है कि एडमिशन के लिए स्कूल पहुंचने पर हेडमिस्ट्रेस विमला देवी ने छात्रा को उसकी मां के सामने डांटा, उसे घमंडी बताया और स्कूल से निकल जाने को कहा।
घटना के बाद छात्रा काफी परेशान थी और उसने खाना भी नहीं खाया। छात्रा की मां की शिकायत पर पुलिस ने पहले अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया था। र रही है।
हैदराबाद में सड़क हादसे के मामले में आर्ट डायरेक्टर आनंद साई का बेटा गिरफ्तार

हैदराबाद में सड़क हादसे के मामले में मशहूर आर्ट डायरेक्टर आनंद साई के बेटे संदीप को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हादसा 31 अगस्त की रात रायडुर्गम इलाके में हुआ, जहां एक 31 साल के प्रवासी मजदूर सड़क पार करते समय पहले एक MPV की चपेट में आ गया था।
घायल मजदूर को अस्पताल ले जाने के दौरान संदीप की कार ने कथित तौर पर उसे और एक अन्य ड्राइवर को टक्कर मार दी। मजदूर की मौके पर मौत हो गई, जबकि ड्राइवर घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद संदीप और उसका साथी मौके से चले गए थे। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार को ट्रेस कर संदीप को गिरफ्तार किया।
राहुल गांधी ने सावरकर को मुस्लिम विरोधी बताया, परिजनों ने कोर्ट में जताई आपत्ति

वीडी सावरकर के परपोते सत्यकी सावरकर ने पुणे की विशेष अदालत में कहा कि सावरकर ने कभी मुसलमानों से नफरत नहीं की। उन्होंने दावा किया कि सावरकर ने अपनी रचनाओं में मुसलमानों की प्रगति के तरीके बताए थे। सत्यकी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के बयान से सावरकर की छवि मुस्लिम विरोधी और हिंसक व्यक्ति की बनी।
यह मामला राहुल गांधी के 2023 में लंदन में दिए कथित बयान से जुड़ा मानहानि केस है। सत्यकी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने सावरकर की एक किताब का हवाला देते हुए मुस्लिम युवक से मारपीट की बात कही थी, जबकि उनके मुताबिक सावरकर की किसी रचना में ऐसी घटना का उल्लेख नहीं है। मामले में कोर्ट में जिरह जारी है।

