![]()
दरभंगा के बहेड़ा थाना क्षेत्र के जरिसो पंचायत के लवानी गांव में बुधवार की सुबह 5 बजे घर से निकले 35 साल के युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान लवानी गांव निवासी शत्रुघ्न यादव के बेटे मंगनु यादव के रूप में हुई है। युवक की पीठ पर चाकू से दो जबकि पेट पर एक वार के निशान हैं। वहीं, युवक की दोनों आंखों और सिर पर चोट के गंभीर निशान भी मिले हैं। युवक की लाश उसके घर से करीब 150 मीटर दूर मिली है। वहीं, घटना की जानकारी के बाद मृतक के परिजन और गांव के लोग आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने बहेड़ी-त्रिमुहानी-बहेड़ा पथ पर जरिसो पुल के पास सड़क जाम कर दिया। करीब चार घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। बताया जाता है कि मंगनु यादव बुधवार की सुबह घर से निकला था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसकी खोजबीन में जुट गए। इसी दौरान घर से करीब 150 मीटर दूर झाड़ी में मंगनु का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना गांव में तेजी से फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद समाप्त हुआ जाम घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ा थानाध्यक्ष पंकज कुमार मौके पर दलबल के संग पहुंचे और मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी। इसके बाद बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा भी घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों व परिजनों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण दोषियों की गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे। बाद में ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर मामले का जल्द उद्भेदन करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब चार घंटे से जारी सड़क जाम समाप्त कराया जा सका। एफएसएल और डॉग स्क्वायड ने की जांच घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वायड को भी घटनास्थल पर बुलाया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए, जबकि डॉग स्क्वायड की मदद से भी जांच की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। पुलिस हत्या के सभी संभावित कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मोबाइल छीनने वाले बदमाश को पकड़ने के विवाद में हत्या की आशंका मृतक के मौसेरे भाई सुरेंद्र यादव ने बताया कि मंगनु यादव एक निजी अस्पताल में नौकरी करता था। करीब एक सप्ताह पहले अस्पताल के समीप एक बदमाश किसी व्यक्ति का मोबाइल छीनकर भाग रहा था। उस दौरान मंगनु यादव और कुछ स्थानीय लोगों ने मिलकर उसे पकड़ लिया था। बताया गया कि छीना गया मोबाइल भी बरामद कर लिया गया था और पकड़े गए व्यक्ति को डायल-112 की टीम के हवाले कर दिया गया था। परिजनों का आरोप है कि पकड़े गए व्यक्ति ने उस समय मंगनु यादव को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। सुरेंद्र यादव के अनुसार, परिजनों को आशंका है कि इसी विवाद के कारण मंगनु की हत्या की गई है। परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को भी जानकारी दी है। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच के बाद ही हत्या के कारणों के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहने की बात कह रही है। तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था मंगनु मंगनु यादव तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। वह निजी अस्पताल में नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब 11 वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। उसके एक पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद पत्नी खुशबू देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की हत्या की खबर से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि मंगनु काफी मिलनसार स्वभाव का था और गांव में किसी के साथ उसका कोई विवाद नहीं था। परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। स्थानीय ग्रामीण दिगम्बर यादव ने कहा कि एक नौजवान की इस तरह निर्मम हत्या बेहद दर्दनाक है। उन्होंने प्रशासन से मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने और दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की भी मांग की, ताकि उसकी पत्नी और बच्चों के भरण-पोषण में मदद मिल सके। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा नहीं मिलेगा, तब तक वे सड़क से हटने को तैयार नहीं थे। दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा : एसडीपीओ बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने बताया कि सड़क पर शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाकर जांच कराई गई है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। ग्रामीण एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की हैं। अधिकारियों के समझाने के बाद सड़क जाम समाप्त हो गया। एसडीपीओ ने कहा कि घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
दरभंगा- घर से 150 मीटर दूर मिली युवक की लाश:पेट, पीठ पर चाकू गोदने के निशान; गांव के लोगों ने 4 घंटे सड़क जाम की
