![]()
पटना में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। कदमकुआं इलाके के 10 गर्ल्स हॉस्टल और पीरबहोर के 9 प्रमुख कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हो रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि कई हॉस्टल 40 साल से अधिक पुराने जर्जर भवनों में चल रहे हैं। अधिकतर जगहों पर अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था तक नहीं है। दिल्ली में पांच मंजिला जर्जर इमारत ढहने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने इस रिपोर्ट को गंभीरता से लिया है। डीडीसी ने डीईओ को पत्र भेजकर इन संस्थानों की जांच कराने को कहा है। अब डीईओ कार्यालय की ओर से पटना सदर एसडीओ को पत्र भेजकर उनकी भौतिक जांच कराने की तैयारी है। इन गर्ल्स हॉस्टलों में सुरक्षा इंतजामों की स्थिति चिंताजनक : पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक, कदमकुआं क्षेत्र के अनन्या गर्ल्स हॉस्टल और शाही गर्ल्स हॉस्टल की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक है। दोनों भवन काफी पुराने और जर्जर हैं और यहां फायर एक्सटिंग्विशर भी नहीं है। नारायणी गर्ल्स हॉस्टल का भवन करीब 40 वर्ष पुराना औ जर्जर है, जबकि कुमार गर्ल्स हॉस्टल का भवन लगभग 56 वर्ष पुराना है। इसके अलावा मां शांति, गीता देवी, रेणु देवी, हंसराज, मां मथुरासिनी और खुशी गर्ल्स हॉस्टल में भी अग्निशमन यंत्र उपलब्ध नहीं पाए गए हैं। इन नौ कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा पर भी सवाल
पुलिस रिपोर्ट में पीरबहोर इलाके के नौ बड़े कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मानकों के विपरीत बताया गया है। इनमें आपातकालीन निकासी और फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। एनआईटी मोड़ (नयागांव) : ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर।
अशोक राजपथ : टीचर्स सेलेक्ट अकादमी, आदित्य जीएमसी आईएएस अकादमी और कैरियर प्लानर।
गांधी चौक (महेंद्रू) : श्रेय आईएएस और एडुटरिया।
रमना रोड मोड़ : इंजीनियर वीके गुप्ता मैथमेटिक्स प्लेटफॉर्म।
गोपाल मार्केट (नयाटोला) : एआईएम सिविल सर्विसेज
भीखना पहाड़ी मोड़ : प्लेटफॉर्म कोचिंग। सुरक्षा दांव पर
दूसरे जिलों से आकर पटना में पढ़ाई करने वाले हजारों छात्र-छात्राएं इन्हीं लॉज, हॉस्टल और कोचिंग संस्थानों पर निर्भर हैं। जिला विकास शाखा और दिव्यांगजन सशक्तीकरण कोषांग के पत्र के बाद अब प्रशासन हरकत में आया है। मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पुलिस की रिपोर्ट पर डीडीसी ने लिया संज्ञान:10 गर्ल्स हॉस्टल और 9 कोचिंग के भवन-फायर सेफ्टी की जांच होगी
