किशनगंज में शादी-विवाह का सीजन शुरू हो गया है। 21 नवंबर से विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू होने के साथ ही शादी वाले घरों में तैयारियां तेज हो गई हैं।
.
लोग कपड़े, जेवरात और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। कपड़ों की दुकानों के साथ ही चुनिंदा जेवरात के शोरूम में भी ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है। शहर के ज्यादातर विवाह भवन भी पहले से बुक हो चुके हैं।
लहंगे की कीमत 3 हजार से 20 हजार, शेरवानी 30 हजार तक
नेमचंद रोड पर रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाने वाले सानू सिंह और सरदार निसान सिंह बताते हैं कि पहले शादी के सीजन में डेढ़ सौ से अधिक लहंगे और शेरवानी बिकते थे। इस बार लोग ऑनलाइन खरीदारी भी कर रहे हैं।
कुछ दुकानों में अब तक 15 से 20 लहंगे बिके हैं। बाजार में एक लहंगे की कीमत 3 हजार से 20 हजार रुपए तक है, जबकि शेरवानी 4 हजार से 30 हजार रुपए तक मिल रही है।
किशनगंज के लोग कपड़े और शादी के अन्य सामान की खरीदारी के लिए पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी भी जाते हैं। कुछ दुकानों में ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर भी चल रहे हैं।
शहर के 8 से 10 विवाह भवन पहले से बुक
शहर में शादी समारोहों के लिए करीब 8 से 10 भवन हैं। इनमें ज्यादातर की बुकिंग दो महीने पहले ही हो चुकी है। फिलहाल कोई भी भवन खाली नहीं है।
दिगंबर जैन भवन, तेरापंथ भवन, लक्ष्मी नारायण मंदिर और ऋषि भवन में सबसे अधिक बुकिंग होती है। इन भवनों में शाकाहारी भोजन परोसा जाता है।
वहीं, खगड़ा स्थित नगर परिषद के अशोक सम्राट भवन, रुईधासा टाउन क्लब, मनोरंजन क्लब और सुभाष पल्ली सामुदायिक भवन में मांसाहारी व्यंजन भी परोसे जाते हैं।
जेवरात की दुकानों में होलमार्क गहनों की मांग
शादी की खरीदारी के लिए चुनिंदा जेवरात की दुकानों पर ही भीड़ जुट रही है। लोग होलमार्क वाले गहने खरीदना पसंद कर रहे हैं। पश्चिमपाली चौक के पास स्थित दो बड़े शोरूम में ग्राहक पहुंच रहे हैं।
जेवरात कारोबारियों के मुताबिक, नजदीक के लग्न के लिए खरीदारी हो रही है, जबकि आगे के लग्न के लिए अभी ग्राहकों की संख्या कम है।
शादी के सीजन को देखते हुए वीडियो कैमरों की बुकिंग भी लगातार हो रही है। वहीं, कैटरिंग संचालकों ने पिछले साल की तुलना में अपनी दरें बढ़ा दी हैं।

बाजार और जेवरात दुकानों के बाहर बढ़ेगी पुलिस गश्ती
शादी के सीजन में बाजारों और जेवरात की दुकानों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी की है।
एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने कहा कि शादी समारोह या किसी अन्य अवसर पर हर्ष फायरिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है।
कहीं भी हर्ष फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी और दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बाजारों और विशेष रूप से जेवरात की दुकानों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
शादी के साथ विवाह निबंधन को भी दें प्राथमिकता
जिले में शादियां हो रही हैं, लेकिन विवाह का निबंधन कराने को लेकर अब भी लोगों में जागरूकता की कमी है।
एसडीएम अनिकेत कुमार ने कहा कि लोग शादी की अन्य तैयारियों की तरह विवाह निबंधन को भी प्राथमिकता दें। इसके लिए जागरूक होना जरूरी है।
नवंबर-दिसंबर में ये हैं विवाह के शुभ मुहूर्त
पुरोहित जयहिंद मिश्रा के अनुसार, शादी शुभ मुहूर्त में ही करनी चाहिए। इस साल 16 दिसंबर से खरमास शुरू होने से पहले नवंबर और दिसंबर में विवाह के कई शुभ मुहूर्त हैं।
नवंबर: 21, 24, 25 और 26 नवंबर। कुछ पंचांगों के अनुसार 20 और 30 नवंबर को भी शुभ मुहूर्त हैं।
दिसंबर: 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 दिसंबर। कुछ पंचांगों में 1, 9 और 10 दिसंबर की तारीखें भी शामिल हैं।
