Headlines

चक्रवात के असर से मुंगेर में बारिश:खेत से खलिहान तक भीगा धान; किसानों की लागत निकलना भी मुश्किल




बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान के असर से शनिवार सुबह से ही मुंगेर में मौसम का मिजाज बदल गया। जिले में रुक-रुककर हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है। वहीं, यह बारिश किसानों के लिए आफत बनकर आई है। खेतों में पककर तैयार धान की फसल बारिश में भीग गई है। कहीं किसान कटाई के बाद धान को खलिहान तक पहुंचाने की तैयारी कर रहे थे तो कहीं खेतों में ही फसल काटकर रखी गई थी। अचानक हुई बारिश से तैयार धान भीगने के कारण खराब होने की आशंका बढ़ गई है। जिले के सभी नौ प्रखंडों में धान की खेती करने वाले किसान इस बारिश से प्रभावित हैं। किसानों के मुताबिक, पहले ही एक महीने पहले हुई बारिश से तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंचा था। इसके बाद जो फसल बची थी, वह भी शनिवार की बारिश की चपेट में आ गई। ऐसे में किसानों के सामने अपनी मेहनत और लागत बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है। एक महीने में दूसरी बार बारिश धान की फसल तैयार होने के बाद किसानों को अच्छी पैदावार और लागत निकलने की उम्मीद थी। कई किसान कटाई कर फसल को खलिहान तक ले जाने की तैयारी में थे। कुछ किसानों ने कटे हुए धान को खेतों में ही रखा था। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई और फसल पूरी तरह भीग गई। किसानों की चिंता है कि लगातार बारिश से धान की गुणवत्ता प्रभावित होगी। फसल खराब होने पर उसे बाजार में उचित कीमत मिलना भी मुश्किल हो सकता है। पहले हुई बारिश से हुए नुकसान के बाद किसानों को बची हुई फसल से उम्मीद थी, लेकिन दूसरी बार बारिश ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है। अब खेती में लगी लागत की राशि भी वापस मिलना मुश्किल नजर आ रहा है। शहर से गांव तक जलजमाव, कीचड़ से आवागमन प्रभावित शनिवार सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश का असर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखा। कई जगहों पर जलजमाव और कीचड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। इससे लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। खासकर ग्रामीण सड़कों और निचले इलाकों में बारिश के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। 24 डिग्री रहा अधिकतम तापमान, हवा से बढ़ी ठंड शनिवार को मुंगेर का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के कारण ठंड का एहसास बढ़ गया। मौसम में आए इस बदलाव का असर जनजीवन पर भी दिखा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक मौसम में बदलाव और बारिश की संभावना बनी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *