![]()
भोजपुर के उदवंतनगर इलाके में बुधवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका की मां ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि दहेज में पलंग, सोफा नहीं दिया था, इसलिए मेरी बेटी की हत्या कर दी गई। वहीं, ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि नवविवाहिता ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की है। घटना उदवंतनगर थाना क्षेत्र के सिंह कॉलोनी, भेलाई की है। मृतका के गले पर लाल और काले रंग के चंद्राकार निशान, जबकि दोनों हाथों पर भी लाल और काले निशान पाए गए हैं। मायके वालों ने रस्सी से गला दबाकर हत्या करने और शव को पंखे से लटकाने का आरोप ससुराल वालों पर लगाया है। मामले की जानकारी के बाद उदवंतनगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी सूचना दी गई, ताकि घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। 8 मार्च 2026 को पटना में हुई थी शादी मृतका की पहचान सिंह कॉलोनी, भेलाई निवासी शुभम कुमार सिंह की 25 वर्षीय पत्नी कृति सिंह के रूप में हुई है। कृति की मां कंचन सिंह ने बताया कि उनकी बेटी और शुभम एक-दूसरे को पसंद करते थे। दोनों की मुलाकात पढ़ाई के दौरान हुई थी। इसके बाद परिवार की रजामंदी से 8 मार्च 2026 को पटना के राजीव नगर में हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी हुई थी। उन्होंने कहा कि शादी में परिवार ने अपनी हैसियत के अनुसार बेटी को पूरे सामान के साथ धूमधाम से विदा किया था। कृति का पैतृक गांव कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के त्रिभुआनी, सोहरा है। दामाद शुभम बेंगलुरु में इंजीनियर है। मृतका की मां बोली- शादी में एसी, फ्रिज समेत घर के सारे सामान दिए थे कंचन सिंह ने बताया कि बेटी की खुशी के लिए शादी में एसी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, टीवी समेत घर के छोटे-बड़े सभी जरूरी सामान दिए गए थे। हालांकि, उनके यहां पलंग देने की परंपरा नहीं है। शादी के अगले ही दिन कृति की सास किरण देवी ने फोन कर पलंग, सोफा और गद्दा नहीं देने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि बेटी ससुराल तो आ गई, लेकिन इन सामानों के बिना वह सोएगी कहां? इस पर कंचन ने जवाब दिया कि शादी में जो देना था, उससे अधिक सामान दिया गया है। उनके यहां पलंग देने की परंपरा नहीं है। अब कृति ससुराल की जिम्मेदारी है और वहां के लोग जहां सुलाएंगे, वह सो जाएगी। मृतका की मां बोली- सास अक्सर ताना देती थी, कुछ लेकर नहीं आई है मां का आरोप है कि इसके बाद भी ससुराल में सामान को लेकर कृति को लगातार ताने दिए जाते थे। उसकी सास कहती थी कि वह शादी में कुछ लेकर नहीं आई है, इसलिए उसे कोई पूछता नहीं है। सास की ओर से इनवर्टर, सोफा, गद्दा और पलंग समेत अन्य सामान की मांग की जाती थी। इसे लेकर अक्सर विवाद होता था और कृति मानसिक रूप से परेशान रहती थी। कंचन सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह कृति ने फोन कर कहा था कि वह दो-तीन दिनों के लिए मायके आएगी। इसके बाद वह वापस बेंगलुरु चली जाएगी। परिवार के लोगों ने भी उसके आने की तैयारी कर ली थी और दिन तय कर लिए थे। लेकिन, इसके बाद कृति ने फोन काट दिया। कुछ देर बाद दामाद शुभम ने फोन कर बताया कि कृति ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया है। इस पर मायके वालों ने उससे एक बार बात कराने को कहा, लेकिन उनकी बेटी से बात नहीं कराई गई। मां का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग लगातार बहाने बनाते रहे। ‘घटना के करीब छह घंटे बाद तक न पुलिस, न हमें सूचना दी गई’ मृतका की मां ने कहा कि घटना के करीब छह घंटे बाद तक न तो पुलिस को सूचना दी गई और न ही मायके वालों को जानकारी दी गई। कंचन सिंह ने अपने दामाद शुभम सिंह, सास किरण देवी समेत अन्य ससुराल वालों पर हत्या में शामिल होने का संदेह जताया है। उनका कहना है कि उनकी बेटी खुदकुशी नहीं कर सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मृतका अपने एक भाई अभिनव सिंह और एक बहन हर्षिता सिंह से बड़ी थी। घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष में मातम पसरा है। मां समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Source link
भोजपुर- पंखे से लटका मिला नवविवाहिता का शव:मार्च में हुई थी शादी, मां बोली- दहेज में पलंग-सोफा नहीं दिया तो बेटी को मार डाला
