Headlines

Devotthan Ekadashi 2026 | Mahavir Mandir Special Puja & Vishnu Awakening


पटना1 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

कार्तिक शुक्ल एकादशी के अवसर पर आज देवोत्थान एकादशी मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यता के अनुसार करीब चार महीने तक योगनिद्रा में रहने के बाद भगवान विष्णु आज जागृत होंगे।

इसी के साथ चातुर्मास का समापन होगा और हिंदू धर्मावलंबियों के मांगलिक कार्यों का शुभारंभ होगा। कई स्थानों पर देवोत्थान एकादशी के साथ तुलसी-शालिग्राम विवाह भी कराया जाएगा।

महावीर मंदिर में शाम 6 बजे विशेष पूजा

पटना के महावीर मंदिर में देवोत्थान एकादशी पर भगवान विष्णु के विग्रह के सामने शाम 6 बजे विशेष वार्षिक पूजा होगी। मंदिर के पुरोहितों के साथ बड़ी संख्या में व्रती श्रद्धालु इसमें शामिल होंगे। पूजा के दौरान भगवान विष्णु को अन्न या तिल का नैवेद्य नहीं चढ़ाया जाएगा, बल्कि फल, मूल और कंद से भगवान को भोग लगाया जाएगा।

पूजा के बाद श्रद्धालु सामूहिक रूप से चौकी या पीढ़े को तीन बार उठाकर भगवान विष्णु के जागरण का वैदिक मंत्र पढ़ेंगे। इसके बाद भजन-कीर्तन और रात्रि जागरण होगा। अगले दिन स्नान-पूजा और दान के बाद तुलसीदल से व्रत का पारण किया जाएगा। रात्रि व्रत करने वाले श्रद्धालु रात में पूजा के बाद फलाहार ग्रहण करेंगे।

तीन शुभ योगों में मनाई जाएगी एकादशी

ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा के अनुसार इस वर्ष देवोत्थान एकादशी पर सर्वार्थ अमृत सिद्धि योग, सिद्ध योग और ध्वज योग का संयोग बन रहा है। उत्तराभाद्रपद नक्षत्र में साधु-संत, वैष्णव और गृहस्थ श्रद्धालु एक साथ भगवान विष्णु की पूजा करेंगे। शाम की गोधूलि बेला में शंख, डमरू, मृदंग, झाल और घंटियों की ध्वनि के बीच भगवान नारायण को जगाने की परंपरा निभाई जाएगी।

ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा।

ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा।

क्यों सोते हैं भगवान विष्णु

धार्मिक मान्यता के अनुसार आषाढ़ शुक्ल एकादशी यानी हरिशयनी एकादशी से भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद चातुर्मास की अवधि शुरू होती है। इस दौरान विवाह सहित कई मांगलिक कार्यों को स्थगित रखने की परंपरा है। देवोत्थान एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के साथ चातुर्मास समाप्त माना जाता है।

तुलसी-शालिग्राम विवाह से सुखी दांपत्य की मान्यता

देवोत्थान एकादशी के दिन कई घरों और मंदिरों में तुलसी-शालिग्राम विवाह कराया जाएगा। विधि-विधान से तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराकर भजन, मंत्र और विष्णु सहस्रनाम का पाठ किया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि तुलसी विवाह से परिवार में सुख-समृद्धि, वैवाहिक सुख और पारिवारिक सौहार्द की प्राप्ति होती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *