![]()
मुजफ्फरपुर में साइबर ठगी के पैसे का लेनदेन करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। महालक्ष्मी होटल के कमरे में 6 लोग साइबर ठगी के रुपयों का ट्रांजेक्शन और सेटलमेंट कर रहे थे। पुलिस ने छापा मारकर सभी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में एक बैंक ऑफ बड़ौदा का सीएसपी संचालक है, जबकि दूसरा जिला उद्योग कार्यालय में संविदा पर कार्यरत है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य लोगों को 18 प्रतिशत जीएसटी और 5 प्रतिशत कमीशन देने का लालच देकर उनके बैंक खाते लेते थे। खासकर ऐसे एनजीओ, कंपनियों और कारोबारियों के करंट अकाउंट को निशाना बनाया जाता था, जिनकी ट्रांजेक्शन लिमिट अधिक होती है। खाताधारक को पांच प्रतिशत कमीशन देने की बात कही जाती थी, जबकि बाकी लेनदेन में शामिल लोगों को करीब दो प्रतिशत कमीशन मिलता था। मामला इमलीचट्टी का है। सूचना के बाद पुलिस ने होटल में मारा छापा साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष टीम बनाई गई थी। 18 नवंबर को सूचना मिली कि महालक्ष्मी होटल में छह-सात लोग लैपटॉप और मोबाइल के जरिए साइबर अपराध से जुड़े लेनदेन कर रहे हैं। इसके बाद साइबर डीएसपी विक्रमजीत के नेतृत्व में विशेष टीम और पुलिस बल ने होटल में छापेमारी की। एक कमरे में मौजूद छह लोगों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, उस समय वे मोबाइल के जरिए लेनदेन और ओटीपी साझा कर रहे थे। गिरोह के सदस्य 2 से 3 दिन तक होटल में ही ठहरते थे।
APK फाइल से मोबाइल में पहुंचाते थे OTP साइबर डीएसपी के अनुसार, गिरोह के सदस्य खाताधारकों से इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी और पासवर्ड लेते थे। ओटीपी हासिल करने के लिए उनके मोबाइल में APK फाइल इंस्टॉल कराई जाती थी। इसके माध्यम से ओटीपी और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी साइबर ठगों तक पहुंचाई जाती थी। गिरोह के ऊपर बैठे लोग दिल्ली, ओडिशा और कोलकाता से नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पुलिस को पटना से भी कनेक्शन मिला है। इन जगहों पर कार्रवाई के लिए टीम भेजने की तैयारी की जा रही है। सरकारी कार्यालय और बैंक से जुड़े दो आरोपी गिरफ्तार आरोपियों में समरजीत कुमार राजेपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और जिला उद्योग कार्यालय में संविदा पर कार्यरत है। वहीं, सुमित कुमार सुमन बेला थाना क्षेत्र का निवासी है और बैंक ऑफ बड़ौदा का सीएसपी संचालक है। इसके अलावा अवतार कुमार गुप्ता (मोतीपुर), मोहम्मद मुर्सीद आलम (मिठनपुरा), रोशन कुमार (कांटी) और प्रिंस राज (काजी मोहम्मदपुर) को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, सभी मुजफ्फरपुर जिले के निवासी हैं। 10 लाख के साइन वाले चेक समेत सामान बरामद छापेमारी में पुलिस ने छह मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, करीब 10 लाख रुपए के साइन किए हुए चेक, ब्लैंक चेक, कुल 16,800 रुपए नकद, चार पैन कार्ड, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना का एक आईडी कार्ड, कंपनी की मुहर और कारोबार से जुड़े कागजात बरामद किए हैं। इसके अलावा सोने के तीन लॉकेट और एक कान का लटकन भी मिला है। इस मामले में साइबर थाना में केस दर्ज किया गया है। साइबर डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गिरोह की पहली कड़ी हैं। मुख्य सरगना अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पहचान की जा रही है, जो साइबर ठगी की रकम भेजते और आगे ट्रांसफर कराते थे। बैंक से ट्रांजेक्शन का पूरा ब्योरा मांगा गया है। इससे यह पता लगाया जाएगा कि अब तक कितनी रकम का लेनदेन हुआ और कितने लोग ठगी के शिकार बने।
Source link
साइबर ठगी के पैसे का सेटलमेंट करते 6 गिरफ्तार:कमीशन का लालच देकर लेते थे बैंक खाते, CSP संचालक और उद्योग कार्यालय का कर्मी शामिल
