![]()
पश्चिम चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र के देवरूआ की पंडा पट्टी में छठ पूजा के दौरान भोजपुरी गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद दूसरे दिन पथराव में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी। डीजे पर पसंद का गाना बजाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देवरूआ की पंडा पट्टी में छठ पूजा के लिए दो डीजे लगाए गए थे। इनमें एक बेतिया और दूसरा उत्तर प्रदेश से मंगाया गया था। बताया गया कि बेतिया से आए डीजे का साउंड कम था। इसके बाद कुछ लोग उत्तर प्रदेश से आए डीजे के पास पहुंचे और अपनी पसंद का भोजपुरी गाना बजाने को कहा। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। पहले दिन विवाद की सूचना पर लौरिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। हालांकि, अगले दिन विवाद फिर बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच पथराव होने लगा। कुछ लोगों ने छतों से भी ईंट-पत्थर चलाए। आधा दर्जन थानों की पुलिस पहुंची सूचना मिलते ही लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने वरीय पुलिस अधीक्षक बेतिया कुमार गौतम को घटना की जानकारी दी। इसके बाद नरकटियागंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस वहां पहुंची। देवरूआ की पंडा पट्टी में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि करीब 14 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और इलाके की स्थिति पर नजर रखे हुए है।
Source link
भोजपुरी गाना बजाने को लेकर पथराव, हिरासत में 14 लोग:छठ के दूसरे दिन विवाद, छावनी में तब्दील पूरा गांव
