भास्कर न्यूज | सिकटा बरदही गांव स्थित छठ घाट परिसर में आयोजित दो दिवसीय कुश्ती-दंगल प्रतियोगिता सह मेले में देश के विभिन्न राज्यों और नेपाल से पहुंचे पहलवानों ने अपने दांव-पेच से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक समृद्ध वर्मा ने किया। दंगल में बिहार, नेपाल, उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न क्षेत्रों के पहलवानों ने हिस्सा लिया। विधायक ने नेपाल के मिर्जापुर निवासी अखिलेश यादव और उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी रितेश पहलवान का हाथ मिलवाकर मुकाबले की शुरुआत कराई। इसमें अखिलेश यादव विजेता रहे। वहीं, दूसरी कुश्ती में गोरखपुर के रोहित पहलवान को गाजीपुर के पवन पहलवान ने चित्त कर दिया। महिला पहलवानों के मुकाबले में बक्सर की रिया कुमारी ने गाजियाबाद की सुनीता को पटखनी दी। जबकि बलथर के पुरैनिया निवासी गुड्डू पहलवान ने हरियाणा के पप्पू पहलवान को शिकस्त दी। इसके अलावा गोरखपुर के सचिन और गाजीपुर के लालू समेत कई पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। मौके पर विधायक समृद्ध वर्मा ने कहा कि कुश्ती भारतीय संस्कृति और पारंपरिक खेलों की पहचान है। मेला समिति के बृजबिहारी यादव, रितेश कुमार गुप्ता उर्फ मुस्कान, विनोद यादव, सुनील पासवान और रामबेलास यादव आयोजन में सक्रिय रहे।
Source link
दो दिवसीय दंगल प्रतियोगिता में नेपाल यूपी के पहलवानों ने भी दिखाया दमखम
