Headlines

मुजफ्फरपुर सेंट्रल जेल में 98 बंदियों ने मनाई छठ:मुस्लिम महिला, सिख पुरुष बंदी ने रखा व्रत; किसी ने रिहाई, किसी ने बच्चों की खुशहाली की कामना की




मुजफ्फपुर के खुदीराम बोस सेंट्रल जेल में शारदा सिन्हा की गीतों के बीच 98 बंदियों ने महापर्व छठ मनाई। बंदियों में मुस्लिम महिला और सिख पुरुष कैदी ने भी 36 घंटे का निर्जला उपवास रखा। रविवार को संध्या अर्घ्य के बाद सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने पारण किया। इस दौरान बंदियों ने बातचीत में बताया कि किसी ने खुद की रिहाई तो किसी ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ-साथ बच्चों की सलामती के लिए व्रत रखा था। सेंट्रल जेल में छठ पूजा करने वाले 98 बंदियों में 51 महिलाएं और 47 पुरुष शामिल रहे। मुजफ्फरपुर सेंट्रल जेल के अंदर छठ की दो तस्वीरें देखिए जेल में बना छठ घाट, केले के पेड़ और रंगीन रोशनी से सजा कैंपस छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन और जेल प्रशासन की ओर से केंद्रीय कारा में विशेष व्यवस्था की गई थी। छठ घाट परिसर की साफ-सफाई और रंग-रोगन कराया गया था। केले के पेड़, गुब्बारे, रंगीन रोशनी, झालर और फूल-मालाओं से पूरे जेल कैंपस को सजाया गया था। जेल रेडियो पर लोक गायिका शारदा सिन्हा के छठ गीत बजाए जा रहे थे, जिससे जेल के भीतर भी छठ का माहौल बना हुआ था। व्रतियों के लिए पूजा की सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई थी। साड़ी-लहठी से लेकर फल-सूप तक की व्यवस्था जेल प्रशासन की ओर से महिला व्रतियों को साड़ी, लहठी और चूड़ी उपलब्ध कराई गई थी। वहीं पुरुष व्रतियों के लिए धोती, गंजी और गमछे की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा डाला, सूप, पकवान, फल, मिठाई समेत पूजा में इस्तेमाल होने वाली सभी जरूरी सामग्री भी उपलब्ध कराई गई थी। घाट पर सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए पांच गोताखोरों की तैनाती भी की गई थी, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। सिख बंदी ने जेल मुक्ति के लिए रखी छठ, चार साल से कर रहे व्रत जेल में छठ कर रहे सिख बंदी ने बताया कि उन्होंने यहां दूसरे बंदियों को छठ करते देखा तो उनके मन में भी व्रत करने की इच्छा हुई। इसके बाद उन्होंने छठ की है। उन्होंने बताया कि जेल प्रशासन की ओर से धोती, गंजी और पूजा की पूरी सामग्री उपलब्ध कराई गई है। व्यवस्था काफी अच्छी है। उन्होंने छठी मईया से अपनी रिहाई और परिवार के साथ फिर से रहने की मन्नत मांगी है। उनका कहना था कि छठी मईया की कृपा से वह जल्द अपने घर लौट सकें। पहले घर पर मां के साथ करते थे छठ, जेल में भी जारी रखी परंपरा एक अन्य पुरुष बंदी ने बताया कि वह पहले घर पर अपनी मां के साथ छठ करते थे। जेल आने के बाद उन्हें लगा था कि अब शायद यह परंपरा जारी नहीं रख पाएंगे, लेकिन जेल प्रशासन की व्यवस्था देखकर उन्होंने फिर से व्रत करने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि चार साल से जेल में छठ कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूजा की सामग्री से लेकर कपड़े तक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके लिए उन्होंने कारा प्रशासन, जिला प्रशासन और बिहार सरकार का आभार जताया। उन्होंने छठी मईया से अपनी और दूसरे बंदियों की जल्द रिहाई की कामना की। साथ ही सभी परिवारों के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। मुस्लिम महिला बंदी भी कर रहीं छठ, मांगी जेल से रिहाई की मन्नत केंद्रीय कारा में छठ करने वाली महिला बंदियों में एक मुस्लिम महिला भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जेल में छठ करने के लिए उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। प्रशासन की ओर से कपड़े, फल-फूल और पूजा की सभी सामग्री उपलब्ध कराई गई है। वह करीब ढाई साल से बंदी हैं और छठी मईया से अपनी रिहाई की मन्नत मांग रही हैं। उन्होंने कहा कि छठी मईया की कृपा से जल्द जेल से रिहाई हो जाए और वह अपने परिवार के पास लौट सकें। उन्होंने जेल प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्था पर संतोष जताया। कोई बच्चों का भविष्य तो कोई परिवार की खुशहाली मांग रहा एक अन्य महिला बंदी ने बताया कि जेल में छठ करने के दौरान उन्हें किसी तरह की कमी महसूस नहीं हुई। प्रशासन की ओर से कपड़े, फल और पूजा की सामग्री समेत सभी सुविधाएं दी गई हैं। वह अपने बाल-बच्चों के अच्छे भविष्य और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए छठ कर रही हैं। उनकी कामना है कि छठी मईया सभी के घर-परिवार को खुशहाल रखें और किसी को किसी तरह की परेशानी न हो।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *