Headlines

मटन-रोटी में जहर देकर गला घोंटा, गंगा में फेंकी लाश:नालंदा- 7 महीने बाद नर्स की हत्याकांड का खुलासा, आरोपी बोला- शारीरिक संबंध था, ब्लैकमेल करती थी




नालंदा में 7 महीने से गायब महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला के बेटे की ओर से दर्ज कराई गई गुमशुदगी की शिकायत के बाद केस के जांचकर्ता लगातार इसे सुलझाने में जुट रहे। शनिवार की शाम मामले में जांचकर्ता ने गायब महिला की हत्या का खुलासा कर दिया। घटना लहेरी थाना क्षेत्र की है। मृतका की पहचान 35 साल की रानी देवी, जबकि आरोपी की पहचान 40 साल के दिनेश कुमार के रूप में हुई है। मामले की खुलासे के बाद आरोपी दिनेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। सामने आया है कि आरोपी और महिला के बीच अवैध संबंध था। आरोपी के मुताबिक, अवैध संबंध को लेकर महिला लगातार उसे ब्लैकमेल कर रुपए ऐंठ रही थी। इसी से परेशान होकर उसने मटन पार्टी में महिला को बुलाया। फिर मटन और रोटी में जगह मिलाकर महिला को खाने को दे दिया। जब महिला की तबीयत खराब होने लगी तो गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और अपने एक साथी के साथ लाश को गंगा में फेंक दिया। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा मामला गिरफ्तार आरोपी दीपनगर थाना क्षेत्र के साठोपुर गांव का रहने वाला है और वर्तमान में हरनौत नगर पंचायत कार्यालय में बड़ा बाबू (क्लर्क) के पद पर कार्यरत है। आरोपी के कबूलनामा के मुताबिक, साल 2021 में उसकी मां देवकलिया देवी की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, जिन्हें इलाज के लिए नईसराय स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। लहेरी थाना क्षेत्र के शिवपुरी रामचन्द्रपुर मोहल्ला निवासी सुरेन्द्र प्रसाद की पत्नी रीना देवी उसी क्लिनिक में नर्स के रूप में काम करती थीं। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान रीना देवी ने दिनेश की मां की काफी सेवा की, जिससे दोनों के बीच जान-पहचान हुई और मोबाइल पर बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। धीरे-धीरे यह परिचय गहरी दोस्ती और फिर अवैध शारीरिक संबंधों में बदल गया। शुरुआती दौर में सब कुछ सामान्य चलता रहा, लेकिन कुछ समय बाद इस रिश्ते ने ब्लैकमेलिंग का रूप ले लिया। पैसे की मांग और झूठे मुकदमे की धमकी से परेशान था आरोपी आरोपी दिनेश के मुताबिक, समय बीतने के साथ रीना देवी उस पर लगातार पैसे देने और साथ रहने का दबाव बनाने लगीं। जब दिनेश ने असमर्थता जताई, तो वह उसके ऑफिस और घर पहुंचकर हंगामा करने लगीं। लोक-लाज और परिवार के सामने बेइज्जती के डर से दिनेश ने अपना तबादला राजगीर नगर पंचायत कार्यालय करा लिया, लेकिन रीना देवी वहां भी पहुंच गईं। आरोपी ने बताया कि एक दिन रीना ने ऑफिस आकर सभी के सामने मुझे गालियां दी और डेढ़ लाख रुपए की मांग की। पैसे न देने पर रेप के झूठे केस में फंसाकर नौकरी खा जाने की धमकी दी। उस समय अपनी इज्जत और नौकरी बचाने के लिए दिनेश ने 7 दिसंबर 2022 को चेक के माध्यम से महिला को एक लाख 32 हजार रुपए दिए भी थे। इसके बाद उसने अपना तबादला करायपरसुराय और फिर हरनौत नगर पंचायत में करा लिया, मगर महिला की प्रताड़ना और पैसों की मांग जारी रही। राजमिस्त्री के साथ मिलकर रची रीना की हत्या की साजिश दिनेश ने बताया कि लगातार हो रही मानसिक प्रताड़ना और सामाजिक बदनामी के डर से मैंने रीना देवी की हत्या की प्लानिंग शुरू की। अपने घर में राजमिस्त्री का काम करने वाले शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के बलवापर गांव निवासी राधेश्याम कुमार उर्फ छोटू कुमार को प्लानिंग में शामिल किया। दिनेश ने छोटू को 10 हजार रुपए मासिक वेतन पर अपने निजी और कार्यालय के कामों के लिए रख लिया था। दोनों ने मिलकर हत्या और सबूत मिटाने की हत्या की साजिश रची। सबसे पहले फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दो सिम कार्ड खरीदे गए, ताकि पुलिस उनकी लोकेशन और कॉल डिटेल तक न पहुंच सके। इसके बाद हरनौत-कल्याण बिगहा मुख्य मार्ग पर एक सुनसान इलाके में किराए का खाली मकान लिया गया, जहां आसपास कोई आबादी नहीं थी। शव को ठिकाने लगाने के लिए दोनों पहले ही अपनी कार से सालिमपुर स्थित गंगा नदी के तट पर जाकर रेकी भी कर आए थे। मटन-रोटी में जहर और फिर दुपट्टे से घोंट दिया गला 29 मार्च 2026 को दिनेश ने राजमिस्त्री के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। दरअसल, उस दिन दोपहर करीब साढ़े तीन बजे रीना देवी अपने घर से मायके निरपुर जाने के लिए निकली थीं। योजना के तहत दिनेश ने उसे भरोसे में लिया और साथ रहने का झांसा देकर हरनौत स्थित उसी सुनसान किराए के मकान पर बुला लिया। कमरे पर पहुंचने के बाद सहयोगी छोटू कुमार बाहर से मटन और रोटी लेकर आया। साजिश के अनुसार, रीना देवी को परोसे जाने वाले खाने में पहले ही चूहा मारने वाला जहर मिला दिया गया था, जबकि दोनों आरोपियों ने दूसरे बर्तन में खाना खाया। खाना खाने के कुछ ही देर बाद जहर का असर शुरू हुआ और रीना देवी दर्द से तड़पने लगीं। जब उसे एहसास हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है, तो वो शोर मचाते हुए दरवाजा खोलकर भागने की कोशिश करने लगीं। गंगा में बहाया शव, पुलिस को गुमराह करने के लिए किया क्रॉस केस महिला की मौत की पुष्टि होने के बाद दोनों आरोपियों ने शव को एक प्लास्टिक के बोरे में भरकर रस्सी से बांध दिया। रात के अंधेरे में शव को दिनेश की निजी कार (हुंडई i20) की पिछली सीट पर रखा गया और सुनसान रास्तों से होते हुए सालिमपुर स्थित ग्यासपुर पीपा पुल के पास ले जाया गया। पुल पार करने के बाद आरोपियों ने शव को बोरे से बाहर निकाला और गंगा में फेंक दिया, ताकि शव बरामद न हो सके। इसके साथ ही मृतका का बैग, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और हत्या में इस्तेमाल किए गए फर्जी सिम कार्ड भी नदी में फेंक दिए गए। इधर, मां के घर न पहुंचने पर मृतका के पुत्र चंदन कुमार ने काफी खोजबीन के बाद 1 अप्रैल 2026 को लहेरी थाने में दिनेश कुमार, उसकी पत्नी, छोटू कुमार और एक अन्य के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई। शातिर दिनेश ने पुलिस की जांच भटकाने और दबाव बनाने के लिए उल्टा मृतका और उसके पूरे परिवार पर बिहारशरीफ स्थित एससी/एसटी थाने में झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। डिजिटल साक्ष्यों ने खोला राज, फरार सहयोगी की तलाश तेज मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार तफ्तीश में जुटी थी। केस के अनुसंधानकर्ता नीतीश कुमार ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही थी। तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण से पुलिस को दिनेश कुमार के खिलाफ पुख्ता सुराग हाथ लगे। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी दिनेश कुमार को दबोच लिया। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब डिजिटल साक्ष्य सामने रखे गए तो वह टूट गया और उसने हत्या की पूरी कहानी बयां कर दी। अनुसंधानकर्ता ने बताया कि हत्याकांड में शामिल उसके फरार सहयोगी राधेश्याम उर्फ छोटू कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है की गंगा किनारे मार्च महीने के बाद महिला के शव मिलने के मामले में किन-किन थानों में यूडी केस दर्ज हुई है। केस के IO बोले- बिना सबूत आरोपी की गिरफ्तारी मुश्किल थी केस के अनुसंधानकर्ता नीतीश कुमार ने कहा कि मामला शुरू से ही काफी पेचीदा था। चूंकि आरोपी सरकारी पद (नगर पंचायत में बड़ा बाबू) पर कार्यरत था, इसलिए बिना ठोस और पुख्ता डिजिटल व भौतिक साक्ष्यों के उसकी गिरफ्तारी संभव नहीं थी। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान हमने सबसे पहले लापता महिला के मोबाइल नंबर का सीडीआर मंगवाया। सीडीआर के गहन विश्लेषण में कई संदिग्ध नंबर सामने आए। छानबीन में एक ऐसा नंबर मिला, जिससे महिला की आखिरी बार बात हुई थी और वह नंबर उत्तर प्रदेश का था। जब हमने उस यूपी वाले नंबर का सीडीआर निकलवाया, तो उसमें महिला के अलावा दो अन्य नंबरों से संपर्क होने की पुष्टि हुई। सबसे अहम सुराग ये मिला कि जिस दिन महिला गायब हुई थी, उसी दिन महिला का मोबाइल, यूपी वाला नंबर और तीसरा नंबर, तीनों एक साथ बंद हुए थे। मकान मालिक की गवाही और आधार कार्ड बना ठोस सबूत अनुसंधानकर्ता नीतीश कुमार ने आगे बताया कि यूपी वाले नंबर की कॉल डिटेल खंगालने पर हरनौत का एक स्थानीय नंबर मिला। पुलिस टीम जब उस नंबर के मालिक तक पहुंची, तो वह हरनौत के एक मकान का मालिक निकला। मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि इसी नंबर से कॉल कर एक व्यक्ति उसके पास कमरा किराए पर लेने आया था। उसने परिवार के साथ रहने की बात कही थी, लेकिन दो दिन रुकने के बाद तीसरे दिन ही कमरा खाली कर दिया। कमरा लेते समय उसने पहचान पत्र के रूप में जो आधार कार्ड जमा किया था, जांच में वह हरनौत नगर पंचायत के लिपिक दिनेश कुमार का निकला। इसी पुख्ता सबूत के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी दिनेश कुमार को गिरफ्तार किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *