Headlines

'मैक्सिको में नहीं मिला बिहार जैसा माहौल':6 साल विदेश में छठ के बाद वतन लौटीं शिखा, इस बार अपनों के बीच मना रहीं पर्व




‘मैंने 6 साल तक मैक्सिको में छठ की परंपरा निभाई। विदेश में कभी एंबेसी में तो कभी घर से 250 किमी मंदिर में छठ पूजा की। इस बार मैं 14,927 किलोमीटर की दूरी तय कर अपने परिवार के साथ छठ मनाने वतन लौटी हूं। मैक्सिको में छठ करने में कोई बहुत बड़ी परेशानी नहीं होती थी, पर इंडिया और खासकर बिहार जैसा माहौल मिलना मुश्किल था।’ इस अनुभव को शिखा श्री ने दैनिक भास्कर से साझा किया है। जो अपने पति के साथ मैक्सिको सिटी में रहती है। वहां उनके पति संजिव कुमार एक कंपनी में कंट्री हेड हैं। मुजफ्फरपुर के तीनपोखरिया अतरदह में शिखा का ससुराल है। कुछ तस्वीरें… ‘मैक्सिको में पहली बार छठ करने में थोड़ी घबराहट हुई थी’ शिखा श्री बताती हैं कि पहली बार मैक्सिको में छठ किया तो तैयारियों को लेकर थोड़ी घबराहट जरूर हुई थी। पूजा के लिए अलग-अलग बर्तन, सामग्री और पारंपरिक व्यवस्थाएं जुटाना आसान नहीं था। हालांकि, परिवार की मदद और वहां रहने वाले भारतीयों के सहयोग से छठ की शुरुआत की। शिखा बताती हैं कि बहन ने मुझे समझाया कि छठ करने के लिए जरूरी नहीं कि हर जगह बिहार जैसी व्यवस्था हो। जहां भी हैं, उपलब्ध संसाधनों के साथ पूरी श्रद्धा से छठ किया जा सकता है। इसके बाद मैक्सिको में भी पूरे विधि-विधान से छठ करना शुरू किया। ‘एयर बाथटब में खड़े होकर देती थीं अर्घ्य’ मैक्सिको में छठ करने के दौरान शिखा के अनुभव काफी दिलचस्प रहे। जब आसपास कोई नदी या तालाब उपलब्ध नहीं होता था, तब वह घर में ही एयर बाथटब में खड़ी होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देती थीं। संसाधनों की कमी कभी आस्था के रास्ते में बाधा नहीं बनी। वहां रहने वाले भारतीय परिवार और परिचित भी पूजा में शामिल होने आते थे। छठ के दौरान घर पर इतनी भीड़ जुट जाती थी कि ड्राइंग रूम में सभी के बैठने की जगह तक कम पड़ जाती थी।
‘एक बार एंबेसी में छठ किया था’ मैक्सिको में छठ की यादें साझा करते हुए शिखा ने बताया कि एक बार वहां स्थित एंबेसी में छठ पूजा की थी। इस दौरान कई पदाधिकारियों के परिवार भी पूजा में शामिल होने पहुंचे थे। भारतीय परंपरा और छठ की विधि देखकर वहां मौजूद लोगों में भी काफी उत्साह था। पिछले साल छठ करने के लिए अपने शहर से करीब 250 किलोमीटर दूर स्थित एक हनुमान मंदिर जाना पड़ा था। मंदिर परिसर में बने पोखर के बीच चार दिनों तक रहकर छठ का अनुष्ठान पूरा किया। विदेशी महिलाएं भी लगाती थीं मेहंदी, छठ के रंग में रंग जाता था माहौल शिखा के लिए मैक्सिको में छठ का अनुभव इसलिए भी खास रहा, क्योंकि वहां रहने वाले दूसरे देशों के लोग भी इस पर्व में दिलचस्पी लेते थे। उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान कई विदेशी महिलाएं भी शामिल होती थी। भारतीय परंपरा के अनुसार महिलाएं जिस तरह हाथों में मेहंदी लगाती हैं और पूजा में सिंदूर का इस्तेमाल करती हैं, उसे देखकर विदेशी महिलाएं भी काफी उत्साहित होती थीं। कई महिलाएं मेहंदी लगवाती थीं और छठ की परंपराओं को समझने की कोशिश करती थीं। बच्चों को भी छठ से जोड़ा, वीडियो कॉल से देखते हैं पूजा शिखा बताती हैं कि जब उन्होंने मैक्सिको में पहली बार छठ किया था, तब उनके बच्चे काफी छोटे थे। बेटी करीब छह साल की थी। बच्चे भी पूजा की तैयारियों और परंपराओं में शामिल होते थे। बेटे को छठ के दौरान घर में बजने वाले पारंपरिक गीत काफी पसंद हैं। अब बच्चे बड़े हो गए हैं। बेटा यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा है, लेकिन छठ के प्रति उसका लगाव आज भी बना हुआ है। वह वीडियो कॉल के माध्यम से भी पूजा की तैयारियों और अनुष्ठान को देखता है। पति संजीव बोले- छठ के गीत बजते ही भूल जाते हैं कि कहां हैं शिखा के पति संजीव कुमार ने बताया कि विदेश में रहते हुए छठ मनाने का अनुभव अलग जरूर है, लेकिन अपने घर और परिवार के बीच इस पर्व को मनाने की बात ही कुछ और है। जब छठ के पारंपरिक गीत बजते हैं तो एक अलग ही माहौल बन जाता है। ऐसा लगता है कि इंसान कुछ देर के लिए भूल जाता है कि वह कहां है। छठ गीत, परिवार के लोगों का एक साथ जुटना और पूजा की तैयारियां मन को एक अलग सुकून देती हैं। उन्होंने बताया कि इस बार परिवार के साथ घर लौटकर छठ मनाने का अनुभव काफी अच्छा लग रहा है। सभी लोग मिल-जुलकर तैयारियों में जुटे हैं। परिवार के बीच इस पर्व को मनाने की खुशी अलग है।
शिखा बोलीं- छठ की खूबसूरती शब्दों से परे शिखा कहती हैं कि छठ को किसी तर्क या दायरे में बांधकर नहीं समझा जा सकता। यह अपने आप में बेहद खूबसूरत और पवित्र पर्व है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता इसकी सादगी, पवित्रता, अनुशासन और पारिवारिक जुड़ाव है। विदेश में रहकर भी इस पर्व को मनाने से उन्हें अपनी जड़ों से जुड़े रहने का अहसास होता रहा है, लेकिन इस बार 11 साल बाद अपने देश लौटकर परिवार के बीच छठ करने की खुशी कुछ अलग है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *