Headlines

दरभंगा में 24 मिनट रहेगा संध्या अर्घ्य का शुभ मुहूर्त:छठ घाटों के किनारे तैयारियां पूरी, सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के बाद व्रती करेंगे पारण




लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ जिलेभर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। रविवार को महापर्व के तीसरे दिन व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसे लेकर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक छठ घाटों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई है। व्रती महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा सामग्री और प्रसाद से सजे सूप लेकर घाटों की ओर पहुंच रही हैं। शाम को डूबते सूर्य को दूध और गंगाजल से अर्घ्य देकर छठी मईया की आराधना की जाएगी। पंचांग के मुताबिक रविवार को 5 बजकर 20 मिनट पर होगा सूर्यास्त पंचांग के अनुसार रविवार को सूर्यास्त शाम करीब 5:20 बजे होगा। वहीं संध्या अर्घ्य का शुभ समय शाम 4:57 बजे से 5:21 बजे तक बताया गया है। घाटों पर छठ गीतों की गूंज के बीच आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण करेंगे। छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई थी। शनिवार को व्रतियों ने दिनभर उपवास रखकर शाम में खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। पर्व के दौरान पवित्रता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। ठेकुआ, खाजा, फल, नारियल, गन्ना, सूप और दउरा सहित पारंपरिक पूजा सामग्री से व्रतियों के घरों में रौनक बनी हुई है। दर्जनों स्थानों पर स्थापित होंगी भगवान सूर्य की प्रतिमाएं छठ महापर्व के अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों में दर्जनों स्थानों पर भगवान सूर्य की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाएगी। सिंहवाड़ा प्रखंड के भरवाड़ा और कटका, जाले प्रखंड मुख्यालय, केवटी प्रखंड के रनवे और केवटी सहित रजौड़ा डीह समेत कई स्थानों पर पूजा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न पूजा पंडालों में कलाकारों ने भगवान सूर्य की आकर्षक प्रतिमाओं को अंतिम रूप दे दिया है। पंडालों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है। पूजा समितियों की ओर से आयोजन को लेकर व्यापक तैयारी की गई है। रविवार शाम श्रद्धालु विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य की प्रतिमा की पूजा-अर्चना करेंगे। छठ गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल जिले के विभिन्न घाटों पर छठ गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। महिलाएं पारंपरिक लोकगीत गाकर छठी मईया से परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की मंगलकामना कर रही हैं। ‘केलवा के पात पर उगले सुरजदेव’ और ‘छठी मईया तोहार बड़ा उपकार’ जैसे गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। सूर्योपासना का यह महापर्व धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, स्वच्छता और पारिवारिक समर्पण का भी संदेश दे रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *