Headlines

Chhath Puja 2026 Begins | Nahay-Khay Rituals Sun God Chhathi Maiya Puja


नई दिल्ली23 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

लोक आस्था का महापर्व छठ आज से शुरू हो रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना करेंगे। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होगी और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इसका समापन होगा।

दावा किया जा रहा है कि देश के अन्य राज्यों से करीब 40 लाख बिहार लौट चुके हैं। पूजा के लिए राज्य के सभी घाट सज गए हैं।

वहीं, छठ पूजा के लिए दिल्ली को इस बार मूनक नहर के रूप में 11 किमी लंबा विशाल छठ घाट मिला है। यह घाट नहर के दोनों किनारों पर विकसित किया गया है। गुरुवार को बीजेपी अध्यक्षन नितिन नबीन ने इसका उद्घाटन किया।

उत्तर प्रदेश में छठ पूजा के अवसर पर 15 और 16 नवंबर की तारीख को ऐच्छिक अवकाश घोषित किया गया है। ट्रैफिक से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

चार दिन ऐसे चलेगा छठ महापर्व

पहला दिन: 13 नवंबर को नहाय-खाय

छठ महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाएगी। इस दिन व्रती सुबह स्नान करके घर और रसोई की साफ-सफाई करेंगे। इसके बाद शुद्ध और सात्विक भोजन तैयार किया जाएगा। परंपरा के अनुसार इस दिन लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल खाने का विशेष महत्व है। इसी के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत होगी।

दूसरा दिन: 14 नवंबर को खरना

छठ के दूसरे दिन खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं। शाम को पूजा करने के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया जाता है। पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं और परिवार के अन्य सदस्यों में भी इसे बांटा जाता है। खरना के बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। इस दौरान व्रती अन्न और पानी दोनों का सेवन नहीं करते।

तीसरा दिन: 15 नवंबर को डूबते सूर्य को अर्घ्य

पर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। इस दिन व्रती परिवार के सदस्यों के साथ नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे बने घाटों पर पहुंचेंगे। बांस के सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल और अन्य पूजन सामग्री सजाई जाएगी। शाम को डूबते सूर्य को जल और दूध से अर्घ्य देकर परिवार की खुशहाली और संतान की लंबी उम्र की कामना की जाएगी।

चौथा दिन: 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य

छठ महापर्व के अंतिम दिन सुबह सूर्योदय से पहले व्रती घाटों पर पहुंचेंगे। यहां उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद छठी मैया की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी। पूजा संपन्न होने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करके करीब 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण करेंगे। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाएगा।

छठपूजा के लिए घर लौटे लोग, तस्वीरें

गुजरात के सूरत से दो दिनों में 60 हजार लोग छठपूजा के लिए अपने गृहनगर रवाना हुए। गुजरात से 43 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। तस्वीर उधना रेलवे स्टेशन की है।

गुजरात के सूरत से दो दिनों में 60 हजार लोग छठपूजा के लिए अपने गृहनगर रवाना हुए। गुजरात से 43 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। तस्वीर उधना रेलवे स्टेशन की है।

तस्वीर पटना जंक्शन की है। पिछले 5 दिनों से सभी प्लेटफॉर्म पर भारी भीड़ देखी गई। अनुमान है देशभर से 40 लाख से ज्यादा लोग बिहार लौटे।

तस्वीर पटना जंक्शन की है। पिछले 5 दिनों से सभी प्लेटफॉर्म पर भारी भीड़ देखी गई। अनुमान है देशभर से 40 लाख से ज्यादा लोग बिहार लौटे।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में छोटे-बड़े 54 घाटों पर छठपूजा की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। तस्वीर बड़े तालाब के शीतलदास घाट की है।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में छोटे-बड़े 54 घाटों पर छठपूजा की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। तस्वीर बड़े तालाब के शीतलदास घाट की है।

छठ पर यूपी-बिहार जाने के लिए हरियाणा में भी रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। तस्वीर अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन की है।

छठ पर यूपी-बिहार जाने के लिए हरियाणा में भी रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। तस्वीर अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन की है।

ठेकुआ और पारंपरिक प्रसाद का है विशेष महत्व

छठ पूजा में प्रसाद बनाने से लेकर पूजा की सामग्री जुटाने तक हर परंपरा में शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। इस पर्व में ठेकुआ सबसे प्रमुख प्रसाद माना जाता है। इसे गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार किया जाता है। इसके अलावा केला, नारियल, गन्ना, मौसमी फल, अदरक और अन्य पारंपरिक सामग्री भी पूजा में चढ़ाई जाती है। प्रसाद रखने के लिए बांस से बने सूप और दउरा का इस्तेमाल किया जाता है।

छठ पूजा की एक खास परंपरा यह भी है कि इसमें किसी भव्य मंदिर की बजाय नदी, तालाब और जलाशयों के किनारे सूर्यदेव की उपासना की जाती है। श्रद्धालु परिवार के साथ घाटों पर पहुंचकर सामूहिक रूप से पूजा करते हैं। इस दौरान छठ के पारंपरिक गीत भी गाए जाते हैं।

भगवान सूर्य की उपासना करतीं व्रती महिलाएं । (फाइल फोटो)

भगवान सूर्य की उपासना करतीं व्रती महिलाएं । (फाइल फोटो)

क्यों खास है छठ पर्व?

छठ को लोक आस्था, प्रकृति और सूर्य उपासना से जुड़ा पर्व माना जाता है। इसमें सूर्यदेव के साथ जल और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त किया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छठी मैया संतान की रक्षा करती हैं और परिवार को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं।

यही वजह है कि इस पर्व में बड़ी संख्या में महिलाएं संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली के लिए कठिन व्रत रखती हैं।

छठ पूजा में पवित्रता का विशेष ध्यान

छठ पूजा में पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। बात चाहे प्रसाद बनाने की हो या फिर व्यक्तिगत शुद्धता की, व्रती महिलाएं इसका ध्यान रखती हैं। गेहूं धोने के लेकर सुखाने तक उसकी रखवाली की जाती है, ताकि कोई चिड़िया भी उसे जूठा न कर दे।

जिस चक्की में प्रसाद का गेहूं पिसा जाता है, उसे पहले ही साफ-सुथरा कर लिया जाता है। छठ पूजा के दौरान यहां सिर्फ प्रसाद वाला गेहूं ही पिसने के लिए आता है।’

छठ पर्व का इतिहास भी जान लीजिए…

स्कंद पुराण के मुताबिक, राजा प्रियव्रत (मनु के पुत्र) को कोई संतान नहीं था। उन्होंने महर्षि कश्यप से वरदान मांगा। ऋषि के यज्ञ से उन्हें एक बेटा हुआ, लेकिन उसमें जान नहीं थी। इससे दुखी राजा-रानी आत्महत्या की सोचने लगे। तभी एक देवी प्रकट हुईं।

उन्होंने कहा- मैं उषा की ज्येष्ठा बहन षष्ठी देवी हूं, बच्चों की रक्षा मेरी जिम्मेदारी है। यदि तुम मेरी विधि से पूजा करोगे तो तुम्हें संतान सुख मिलेगा।

राजा-रानी ने देवी की पूजा की और बेटे का जन्म हुआ। इसके बाद से इस पूजा की शुरुआत हो गई।

वहीं, बिहार पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, यह पर्व मूल रूप से सूर्य की उपासना और संतान रक्षा से जुड़ा हुआ है।

बिहार सरकार के 1970 के गजेटियर के मुताबिक, यह पर्व कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की छठी और सातवीं तिथि को मनाया जाता है।

इसके मुताबिक, सूर्य को कुष्ठ बीमारी के इलाज के देवता के रूप में माना जाता है और सूर्य प्रत्यक्ष देवता हैं। ऐसे में लोग गंगा में स्नान कर सूर्य को अर्ध्य देते हैं और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करते हैं।

ऋग्वेद में लिखा गया है कि सूर्य और उसकी किरणों की आराधना से शरीर और मन दोनों शुद्ध होते हैं।

————

ये खबर भी पढ़ें…

पटना- दीघा घाट पर 2km तक सजावट,कलेक्ट्रेट घाट भी तैयार:40 लाख लोग छठ पर बिहार लौट रहे

कल यानी 13 नवंबर से लोक आस्था का महापर्व छठ की शुरुआत हो रही है। छठ को लेकर पटना के गंगा घाटों और तालाब-पार्क स्थित पूजा स्थलों की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नगर निगम क्षेत्र के 92 गंगा घाटों और 66 तालाबों में छठ व्रती अर्घ्य देंगी। पूरी खबर पढ़ें…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    OpenBuk Bharat (ओपनबुक भारत) आपका भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है। हम राष्ट्रीय, प्रादेशिक (बिहार), वाणिज्य, और मनोरंजन जगत की हर बड़ी खबर निष्पक्षता और सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।