Headlines

पटना जंक्शन पर गूंज रहे छठ के गीत:'केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल' से माहौल भक्तिमय; महापर्व पर हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल दिखी




चार दिवसीय छठ पर्व शुरू होते ही बिहार में छठी मइया के गीत गूंजने लगे हैं। घरों और घाटों के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट पर भी गीत सुनाई दे रहे हैं। शहरों और गांवों की गलियों में सुबह से शाम तक पारंपरिक छठ गीत बज रहे हैं। महिलाएं घरों में गीत गाकर भगवान भास्कर की पूजा की तैयारी कर रही हैं। दूसरे राज्यों और महानगरों से घर लौट रहे लोगों को ये गीत अपनी मिट्टी, संस्कृति और परिवार की याद दिला रहे हैं। बिहार से लंबे समय से बाहर रह रहे लोगों को घर से जुड़ाव का एहसास करा रहे हैं। रेलवे स्टेशनों पर ‘केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल’ और ‘पहिले पहिल छठी मइया’ जैसे गीत सुनाई दे रहे हैं। इन्हें सुनकर परदेस में रहने वाले बिहारियों को अपने गांव और घर की याद आ रही है। छठ पर्व के दौरान हिंदू-मुस्लिम एकता और लोक आस्था की मिसाल भी दिख रही है। छठ गीतों में रची-बसी है बिहार की संस्कृति महापर्व केवल पूजा-पाठ का पर्व नहीं, बल्कि बिहार की लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक भी है। छठ के पारंपरिक गीतों में प्रकृति, सूर्य उपासना, परिवार, संतान की मंगलकामना और लोकजीवन की भावनाएं समाहित हैं। इन गीतों की खासियत यह है कि इनकी धुन और शब्द सीधे लोगों के दिलों तक पहुंचते हैं। यही वजह है कि आधुनिक संगीत के दौर में भी पारंपरिक छठ गीतों की लोकप्रियता बरकरार है। गांव की चौपाल से लेकर शहरों की कॉलोनियों तक इन गीतों की अपनी अलग पहचान है। हिंदू-मुस्लिम एकता की भी दिखती है अनूठी मिसाल छठ महापर्व बिहार की सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का भी प्रतीक है। इस पर्व में मुस्लिम समुदाय के लोग भी बढ़-चढ़कर सहयोग और सहभागिता निभाते हैं। कई स्थानों पर मुस्लिम परिवार छठ व्रतियों के लिए रास्तों और घाटों की व्यवस्था में सहयोग करते हैं। कहीं घाटों की साफ-सफाई में हाथ बंटाते हैं, तो कहीं पर्व की तैयारियों में अपनी भागीदारी निभाते हैं। यही बिहार की गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरती है, जहां आस्था के इस महापर्व में धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर लोग एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होते हैं। छठ का संदेश भी प्रकृति के प्रति सम्मान, स्वच्छता, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता से जुड़ा हुआ है। गीतों से शुद्ध और सकारात्मक हुआ वातावरण छठ गीतों की गूंज के बीच बिहार का हर कोना मानो एक ही संदेश दे रहा है,यह पर्व केवल सूर्य की उपासना नहीं, बल्कि परिवार, प्रकृति, लोक परंपरा और सामाजिक एकता का महापर्व है। यही कारण है कि बिहार से दूर रहने वाले लोग भी छठ के अवसर पर अपनी प्रदेशों की ओर लौटने को आतुर रहते हैं। छठी मइया के गीतों में उन्हें अपना गांव, अपना परिवार और अपनी मिट्टी नजर आती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *