![]()
छठ के मौके पर मुजफ्फरपुर की लहठी के ऑर्डर अमेरिका, कनाडा, श्रीलंका और नेपाल से मिल रहे हैं। इस्लामपुर बाजार में सुबह से शाम तक खरीदारों की भीड़ जुट रही है। स्थानीय दुकानों के साथ ई-कॉमर्स वेबसाइट और ऑनलाइन मार्केटिंग के जरिए भी लहठी का कारोबार बढ़ रहा है। मुजफ्फरपुर की लहठी की मांग बिहार और देश के दूसरे राज्यों के अलावा विदेशों में भी है। छठ पूजा में लहठी पहनना शुभ माना जाता है। इसी वजह से पर्व से पहले इस्लामपुर बाजार में महिलाओं की भीड़ बढ़ी है। मुजफ्फरपुर के अलावा आसपास के जिलों से भी महिलाएं खरीदारी के लिए यहां पहुंच रही हैं। बाजार में राजवाड़ा और चुनरी डिजाइन की लहठी पसंद की जा रही है। छठ पूजा के लिए चुनरी लहठी की मांग ज्यादा है। माड़ीपुर से खरीदारी करने पहुंचीं सोनी प्रिया ने बताया कि वह दिल्ली में शिक्षिका हैं। छठ और दिवाली मनाने के लिए वह हर साल मुजफ्फरपुर आती हैं। छठ में लहठी पहनना शुभ माना जाता है, इसलिए वह इसे खरीदने इस्लामपुर बाजार पहुंचीं। 180 से 450 रुपये तक चुनरी लहठी की कीमत
इस्लामपुर बाजार के दुकानदारों के अनुसार छठ के दौरान सबसे ज्यादा मांग शुद्ध लाख से बनी चुनरी लहठी की रहती है। बाबा लहठी भंडार के संचालक मोहम्मद रियाज ने बताया कि छठ पूजा के अलावा शादी-विवाह और अन्य शुभ कार्यों में भी लाख की लहठी पहनना शुभ माना जाता है। इस बार बाजार में खरीदारों की भीड़ अच्छी है। उनके यहां 120 रुपए से लेकर 400 रुपए तक की लहठी उपलब्ध है, जबकि चुनरी डिजाइन की कीमत 180 से 450 रुपए तक है। उन्होंने बताया कि बिहार के अलावा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और नेपाल से भी लोग लहठी खरीदने पहुंचते हैं। इस बार अमेरिका, कनाडा और श्रीलंका से भी ऑर्डर मिले हैं। ऑनलाइन कारोबार में छठ पर कई गुना उछाल मुजफ्फरपुर की लहठी अब ऑनलाइन बाजार में भी अपनी पहचान बना रही है। स्थानीय ऑनलाइन कारोबारी सूरज कुमार ने बताया कि वह कई वर्षों से ई-कॉमर्स वेबसाइट के माध्यम से लहठी का कारोबार कर रहे हैं। उनके ऑनलाइन बिजनेस में सबसे ज्यादा मांग लहठी की ही रहती है। सामान्य दिनों में हर महीने करीब 2 से 3 हजार यूनिट की बिक्री होती है, लेकिन छठ के दौरान यह आंकड़ा बढ़कर 5,500 से 6,000 यूनिट तक पहुंच जाता है।
उन्होंने बताया कि सामान्य दिनों में लहठी के ऑनलाइन कारोबार से हर महीने 10 लाख रुपए से अधिक का व्यापार होता है। वहीं छठ के दौरान महज पांच से छह दिनों में ही 10 लाख रुपए तक के ऑर्डर मिल जाते हैं। पर्व के समय देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी ऑनलाइन ऑर्डर आते हैं।
छठ में करोड़ों के कारोबार की उम्मीद
व्यापारियों का कहना है कि छठ और शादी-विवाह के सीजन में लाख की लहठी की मांग काफी बढ़ जाती है। इस्लामपुर बाजार में जहां स्थानीय खरीदारों की भीड़ से दुकानें गुलजार हैं, वहीं ऑनलाइन माध्यम से भी लगातार ऑर्डर मिल रहे हैं। मुजफ्फरपुर के अलग-अलग कारोबारी भी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से लाख की लहठी बेच रहे हैं। ऐसे में छठ के मौके पर लहठी के कारोबार से करोड़ों रुपये के व्यापार की उम्मीद जताई जा रही है।
Source link
