![]()
“हमलोग 15-20 साल से यहां आकर छठ के लिए टोकरी बना रहे हैं। इस बार कारोबार थोड़ा मंदा है, फिर भी रोजाना करीब 2 हजार टोकरियां तैयार कर रहे हैं। यहां बनी टोकरियां सिर्फ बिहार या देश के दूसरे राज्यों तक नहीं जातीं, बल्कि नेपाल, बांग्लादेश और विदेशों में भी भेजी जाती हैं। जहां भी हिंदुस्तान के लोग छठ मनाते हैं, वहां किशनगंज की टोकरी पहुंचती है।” खगड़ा स्टेडियम रोड पर बांस की टोकरी बना रहे रामचंद्रन महतो की यह बात बताती है कि छठ महापर्व अब सिर्फ आस्था का पर्व नहीं, बल्कि किशनगंज के सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी का भी बड़ा जरिया बन चुका है। छठ में भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए बांस से बने सूप और डाला का विशेष महत्व है। इन्हीं में पूजा सामग्री सजाई जाती है और प्रसाद रखा जाता है। यही वजह है कि छठ नजदीक आते ही किशनगंज के खगड़ा स्टेडियम रोड पर अलग ही दुनिया बस जाती है। सड़क किनारे अस्थायी झोपड़ियां, बांस के ढेर, औजारों की आवाज और लगातार चलती कारीगरों की उंगलियां। यहां सुबह से देर रात तक सिर्फ एक ही काम होता है- बांस को छीलना, उसकी पतली पट्टियां बनाना और उनसे छठ की टोकरी, सूप और डाला तैयार करना। इस बार भी करीब 500 से अधिक कारीगर इस काम में जुटे हैं। कोई बांस की मोटी परत हटाता है, कोई उसकी पतली पट्टियां तैयार करता है तो कोई उन्हें गोल आकार देकर टोकरी की बुनाई करता है। कारीगरों के मुताबिक, इस बार अब तक करीब 5 लाख से अधिक टोकरियां तैयार की जा चुकी हैं। रोजाना करीब 15 हजार टोकरियां बनाने का काम हो रहा है। छठ में अब कुछ ही दिन बचे हैं, इसलिए बचे हुए ऑर्डर पूरे करने के लिए काम की रफ्तार और बढ़ा दी गई है। 20-25 साल से चली आ रही परंपरा, दुर्गा पूजा के बाद पहुंचते हैं कारीगर खगड़ा स्टेडियम रोड पर यह काम कोई नया नहीं है। यहां कई परिवार पिछले 20 से 25 वर्षों से छठ के मौके पर बांस की टोकरियां और सूप बनाने के लिए पहुंच रहे हैं। कई कारीगरों के लिए यह पुश्तैनी काम है। उनके पिता और दादा भी इसी काम से जुड़े रहे हैं। दुर्गा पूजा खत्म होते ही बिहार के अलग-अलग जिलों से कारीगर अपने औजार लेकर किशनगंज पहुंचने लगते हैं। कारीगर साधु कुमार बताते हैं कि वे पिछले 15-17 वर्षों से यहां आकर टोकरी बना रहे हैं। उनके परिवार के लोग भी लंबे समय से इस काम से जुड़े हैं। वे कहते हैं, “हम लोग दुर्गा पूजा के दो दिन बाद यहां आ गए थे। यहां करीब 110 कारीगरों का हमारा समूह काम कर रहा है। रोजाना लगभग 1500 टोकरियां तैयार होती हैं। यहां से माल दिल्ली, पटना, छपरा और दूसरे शहरों में जाता है। विदेशों में भी इसकी मांग है। अमेरिका, दुबई और रूस तक यहां की टोकरियां पहुंचती हैं।” साधु बताते हैं कि छठ के समय यहां सिर्फ किशनगंज के ही कारीगर नहीं आते। छपरा और आसपास के दूसरे इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। कुछ परिवार कई पीढ़ियों से यहां आ रहे हैं। उनके लिए यह कुछ दिनों का रोजगार नहीं, बल्कि सालाना काम का एक अहम हिस्सा है। सड़क किनारे ही बन जाती है अस्थायी कार्यशाला खगड़ा स्टेडियम रोड पर पहुंचने के बाद सबसे पहले बांस के बड़े-बड़े ढेर दिखाई देते हैं। इनके आसपास कारीगरों ने अस्थायी ठिकाने बना रखे हैं। कोई परिवार के साथ आया है तो कोई अपने गांव के दूसरे लोगों के साथ। रहने और काम करने की जगह भी आसपास ही है। यहां टोकरी बनाने का काम अलग-अलग चरणों में होता है। सबसे पहले बांस को लंबाई के हिसाब से काटा जाता है। इसके बाद उसकी ऊपरी परत हटाकर पतली-पतली पट्टियां बनाई जाती हैं। इन पट्टियों को जरूरत के अनुसार मुलायम किया जाता है, ताकि बुनाई के दौरान वे टूटें नहीं। इसके बाद कारीगर हाथों से उन्हें गोल आकार देते हैं। टोकरी की तली और किनारों को मजबूत बनाया जाता है, ताकि उसमें छठ पूजा का प्रसाद और फल रखा जा सके। इस काम में अनुभव की बड़ी भूमिका होती है। थोड़ी सी चूक होने पर बांस की पट्टी टूट सकती है या टोकरी का आकार बिगड़ सकता है। इसलिए नए कारीगरों के साथ पुराने और अनुभवी लोग भी काम करते हैं। कई परिवारों में बच्चे बचपन से ही यह हुनर देखते हुए बड़े होते हैं। एक जगह से देश के कई शहरों और विदेशों तक पहुंचता है माल किशनगंज में तैयार होने वाली इन टोकरियों की मांग सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं है। यहां के कारीगर और कारोबारी बताते हैं कि दिल्ली, मुंबई, पटना, छपरा, कोलकाता, सिलीगुड़ी सहित देश के कई शहरों में इनकी आपूर्ति होती है। छठ मनाने वाले भारतीय परिवारों की वजह से विदेशों में भी इनकी मांग बनी हुई है। कारीगर दीपाकर कुंवर बताते हैं कि वे वर्ष 2003 से इस काम से जुड़े हैं। उनके मुताबिक, किशनगंज में बनने वाली टोकरियां कई राज्यों के अलावा सऊदी अरब और दुबई तक भेजी जाती हैं। वहीं दूसरे कारीगर अमेरिका, रूस और अन्य देशों में भी इनकी मांग होने की बात बताते हैं। कारीगर रवि कुमार का कहना है कि वे पिछले 8-10 वर्षों से किशनगंज आकर काम कर रहे हैं। उनके अनुसार, इस बार कारोबार पिछले साल की तुलना में थोड़ा कमजोर रहा है। वे बताते हैं, “हम लोग 2012-13 से इस काम में जुड़े हैं। इस बार सीजन थोड़ा डाउन रहा, इसलिए उत्पादन भी कम हुआ है। करीब 3 से 4 लाख के आसपास टोकरियां तैयार हुई हैं। अभी भी काम चल रहा है। व्यापारी यहां आकर माल खरीदते हैं और फिर उसे अलग-अलग जगह भेजते हैं।” कारीगरों के अनुसार, बड़े व्यापारी खुद किशनगंज पहुंचते हैं। वे यहां से थोक में टोकरियां खरीदते हैं। इसके अलावा खुदरा बिक्री की भी व्यवस्था है। कुछ व्यापारी पटना, दिल्ली और बिहार के दूसरे जिलों से आते हैं। खरीदारी के बाद माल ट्रकों और दूसरे वाहनों से संबंधित शहरों तक पहुंचाया जाता है। वहां से कुछ टोकरियां विदेशों में रहने वाले भारतीय परिवारों तक भी भेजी जाती हैं। असम से आता है बांस, ट्रकों से होती है आपूर्ति इतनी बड़ी संख्या में टोकरियां तैयार करने के लिए बांस की भी बड़ी मात्रा में जरूरत पड़ती है। कारीगरों के मुताबिक, इसके लिए असम से बांस मंगाया जाता है। ट्रकों के जरिए बांस की खेप खगड़ा स्टेडियम रोड स्थित निर्माण स्थल तक पहुंचती है। यहां से उसे अलग-अलग समूहों में काम करने वाले कारीगरों के बीच बांट दिया जाता है। बांस की गुणवत्ता का असर तैयार होने वाली टोकरी की मजबूती और सुंदरता पर भी पड़ता है। इसलिए कारीगर बांस चुनने में खास ध्यान देते हैं। एक ट्रक बांस की कीमत लाखों रुपये तक पहुंच जाती है। बांस की खरीद, ढुलाई, मजदूरी और तैयार माल की बिक्री को मिलाकर यहां छठ के दौरान बड़ा कारोबार होता है। रामचंद्रन महतो बताते हैं कि इस काम में अकेले किसी एक व्यक्ति का योगदान नहीं होता। एक पूरे समूह की मेहनत से हजारों टोकरियां तैयार होती हैं। उनके समूह में करीब 150 लोग काम कर रहे हैं। वे कहते हैं कि रोजाना लगभग 2 हजार टोकरियां तैयार होती हैं। इस बार बाजार में कीमत और मांग को लेकर कुछ परेशानी जरूर है, लेकिन काम बंद नहीं हुआ है। कीमत और मांग के बीच कारीगरों की मेहनत जारी कारीगरों के मुताबिक, इस बार टोकरी की कीमत उसके आकार और गुणवत्ता के अनुसार तय की जा रही है। छोटी और बड़ी टोकरियों के दाम अलग-अलग हैं। छोटी टोकरी करीब 150 से 220 रुपये और बड़ी टोकरी 200 से 300 रुपये तक बिक रही है। हालांकि, थोक में खरीदारी करने वाले व्यापारियों को मात्रा और आकार के अनुसार अलग कीमत मिलती है। कुछ कारीगरों का कहना है कि इस बार बाजार में पहले जैसी तेजी नहीं है। इसके बावजूद छठ नजदीक आने के कारण ऑर्डर पूरे करने की कोशिश जारी है। रामचंद्रन महतो बताते हैं कि उनके यहां छोटी टोकरी की बिक्री 150 से 200 रुपये और बड़ी टोकरी की बिक्री 200 से 300 रुपये के आसपास हो रही है। कारोबार में तेजी कम होने के बाद भी खरीदार लगातार पहुंच रहे हैं। कारीगरों का कहना है कि एक व्यक्ति की उत्पादन क्षमता उसके अनुभव और टोकरी के आकार पर निर्भर करती है। कोई दिनभर में पांच से आठ टोकरियां बनाता है तो कोई दस या उससे अधिक तैयार कर लेता है। वहीं जब सभी कारीगर एक साथ काम करते हैं तो रोजाना हजारों टोकरियां तैयार हो जाती हैं। छठ खत्म होते ही लौट जाएंगे अपने गांव खगड़ा स्टेडियम रोड पर जुटे इन कारीगरों के लिए यह काम कुछ दिनों का अस्थायी ठिकाना है। दुर्गा पूजा के बाद वे यहां आते हैं और छठ महापर्व तक लगातार काम करते हैं। पर्व खत्म होते ही अपने-अपने गांव लौट जाते हैं। कई कारीगरों के लिए यही वह समय होता है, जब साल के एक बड़े हिस्से की कमाई होती है। कारीगरों का कहना है कि छठ के तीन-चार दिन पहले तक काम सबसे ज्यादा रहता है। इस दौरान बचे हुए ऑर्डर पूरे करने के लिए देर रात तक काम करना पड़ता है। इसके बाद सभी लोग अपना सामान समेटकर घर लौट जाते हैं। अगले साल फिर दुर्गा पूजा के बाद यही जगह उनकी अस्थायी कार्यशाला बन जाती है। खगड़ा स्टेडियम रोड पर बांस की पट्टियों को आकार देते इन हाथों की मेहनत का रिश्ता अब किशनगंज से निकलकर देश और विदेश तक पहुंच चुका है। यहां तैयार होने वाली टोकरी किसी के लिए व्यापार का सामान है तो किसी के लिए छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली पवित्र सामग्री, लेकिन इन सबके पीछे उन सैकड़ों कारीगरों का हुनर और मेहनत है, जो हर साल अपने गांव से दूर आकर लोक आस्था के इस महापर्व की तैयारी में जुट जाते हैं। छठ के घाटों पर जब इन टोकरियों में फल और प्रसाद सजेंगे, तब उनमें किशनगंज के इन कारीगरों की कई दिनों की मेहनत भी शामिल होगी। जग्गा महतो ने बताया, देश-विदेश में बहुत सारे इंजीनियर आए। बड़े-बड़े बिल्डिंग्स बनाए, लेकिन अभी तक कोई ऐसा इंजीनियर नहीं आया है जो हमारे लिए कुछ मशीन बना पाया हो। हमलोगों को डलिया, सूप बनाने में जो पत्ता, बांस का इस्तेमाल करना होता है उसको फाड़ने के लिए कोई मशीन नहीं बनाया गया है। हमलोगों को हाथ से ही उसे फाड़ना पड़ता है इसकी वजह से हमारे हाथ तक कट जाते हैं। हमारी मांग है कि इसके लिए कोई इंजीनियर मशीन बनाए।
Source link
किशनगंज से अमेरिका-सऊदी अरब भेजे जा रहे सूप-डलिया:500 से अधिक कारीगर जुटे; रोजाना 15 हजार तक टोकरियां तैयार,अब तक 5 लाख से अधिक बने
