![]()
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने असदुद्दीन ओवैसी और आजाद पार्टी के चंद्रशेखर की तुलना मुगलों और अंग्रेजों से की है। उन्होंने कहा कि देश में हिंदुओं को बांटने की साजिश चल रही है। दरअसल, उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले असद्दुदीन ओवैसी और चंद्रशेखर रावण की ओर से तीसरा मोर्चा की घोषणा की गई है। इस सवाल के जवाब में गुरुवार को केंद्रीय मंत्री ने बेगूसराय में ये बातें कही। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के अंदर अंग्रेजों और मुगलों ने हिंदू सनातनियों को जातियों में बांटने का काम किया था, जो क्रम बाद में भी जारी रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद राजनीतिक स्वार्थ के लिए जातियों को बढ़ावा दिया गया, जिससे समाज में दूरियां बढ़ी। आज स्थिति यह हो गई है कि हर जाति का राजनीतिकरण केवल सनातन के संदर्भ में किया जा रहा है, जबकि दूसरी तरफ अल्पसंख्यकों का कट्टरवादी और विस्तारवादी एकीकरण हो रहा है। गिरिराज सिंह बोले- देश में हिंदू समाज को जातियों, टुकड़ों में बांटने की साजिश केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक तरफ हिंदू समाज को जातियों और टुकड़ों में बांटने की नीतियां चल रही है। वहीं दूसरी तरफ तुष्टिकरण की राजनीति के तहत राष्ट्रवाद के खिलाफ माहौल बनाया जा रहा है। मुस्लिम का कट्टरवादी एकीकरण हो रहा है तो क्रिश्चियन का विस्तार वादी हो रहा है। गिरिराज सिंह ने कहा कि बिना सनातनियों के इस देश की पहचान नहीं है। ‘पूर्वांचल के विकास के बगैर देश का विकास नहीं और पूर्वांचल का गेटवे बिहार है’ केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार और देश लगातार प्रगति के पथ पर नए रिकॉर्ड बना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरा को लेकर गिरिराज सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने आज नहीं 2015 में ही कहा है कि पूर्वांचल के विकास के बगैर देश का विकास नहीं हो सकता है और पूर्वांचल का गेटवे बिहार है। उन्होंने कहा कि आज बिहार पूर्वांचल गेटवे है तो प्रधानमंत्री का स्पष्ट कहना है कि बिहार के विकास के बगैर देश का विकास संभव नहीं है। इसलिए आप देख रहे हैं कि बेगूसराय में रिफाइनरी, फर्टिलाइजर, एनटीपीसी, सड़कों का जाल, बिहार में एयरपोर्ट का जाल बिछ रहा है। बिहार में उद्योग करने वाले लोग आ रहे हैं, बिहार बढ़ता हुआ बिहार है। नरेंद्र मोदी के आने के बाद और चार चांद लग जाएगा। ‘राहुल गांधी को देश की बेटियों का उत्पीड़न नहीं दिखता’ जेएनयू की छात्राओं से यौन शोषण के आरोपों में घिरे प्रोफेसर को कांग्रेस पार्टी की ओर से मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को देश की बेटियों के उत्पीड़न या जेएनयू के प्रोफेसरों द्वारा किए जा रहे कथित कृत्यों पर कभी उत्पीड़न नहीं दिखाई देता। गिरिराज सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी का चश्मा शायद खराब हो गया है, जिससे उन्हें जमीनी हकीकत नजर नहीं आती। देश की जनता सब कुछ बहुत करीब से देख रही है। गिरिराज सिंह ने कहा कि आज स्थिति ये हो गई है कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में ऐसे लोगों और टुकड़े-टुकड़े गैंग को बढ़ावा दे रही है, जिन पर देशद्रोह, देश तोड़ने और उत्पीड़न के गंभीर आरोप हैं। ऐसे ही लोगों को कांग्रेस पार्टी अपनी जमात में शामिल कर रही है। ‘अगर जनता के बीच भ्रम फैलाना विपक्ष का उद्देश्य है, तो वे कुछ भी बोल सकते हैं’ समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से नोटबंदी के बाद भारत की स्थिति 1947 जैसी होने की बात कहे जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि विपक्ष को शायद यह पता ही नहीं है कि 1947 में देश की आर्थिक स्थिति क्या थी। कांग्रेस के लंबे शासनकाल में देश का क्या हाल था और 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता में आए, तब अर्थव्यवस्था किस पायदान पर खड़ी थी। उन्होंने कहा कि यदि जनता के बीच भ्रम फैलाना ही विपक्ष का एकमात्र उद्देश्य है, तो वे कुछ भी बोल सकते हैं। लेकिन आज पूरी दुनिया भारत की आर्थिक नीतियों और विकास की मुक्त कंठ से तारीफ कर रही है। वर्ल्ड बैंक से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) तक इस बात को देख रहे हैं कि वैश्विक स्तर पर पेट्रोल और अन्य ईंधनों की कीमतों में कितना भारी उछाल आया और इसके मुकाबले भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को कितनी मजबूती से संभाला। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया आज देख रही है कि भारत चिप से लेकर शिप तक हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो रहा है। आज भारत रक्षा उपकरणों (डिफेंस) का बड़े पैमाने पर निर्यात (एक्सपोर्ट) कर रहा है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार दोगुना हो गया है। यदि विपक्ष इसे गिरती हुई अर्थव्यवस्था मानता है, तो यह उनकी राजनीतिक कुंठा को दर्शाता है। अगर यह गिरता हुआ अर्थव्यवस्था है तो मुझे यह कबूल है।
Source link
'सनातन के हर जाति का हो रहा राजनीतिकरण':गिरिराज सिंह ने अंग्रेजों, मुगलों से की ओवैसी, चंद्रशेखर की तुलना, बोले- देश में हिंदुओं को बांटने की साजिश
