Headlines

बक्सर- छठ पूजा के लिए फल और पूजन सामग्री पहुंची:केरल के नारियल, नागपुर के संतरे और सिलीगुड़ी के अनानास से सजा बाजार




बक्सर में शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ पर्व शुरू हो गया। शहर की फल मंडियों और बाजारों में पूजा की तैयारियां दिखने लगी हैं। बाजार में केरल का नारियल, नागपुर का संतरा, सिलीगुड़ी का अनानास और भुसावल का केला पहुंच चुका है। वहीं, समस्तीपुर से गागल, आरा से बांस के सूप और गाजीपुर से दउरा मंगाए गए हैं। फलों का भंडार जुटाया गया 15 नवंबर को व्रती डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे। वहीं, 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न होगा। महात्मा गांधी बड़ा बाजार सहित शहर की फल मंडियों और गोदामों में फलों का भंडार जुटाया गया है। जिले के ग्रामीण इलाकों से भी छोटे-बड़े दुकानदार खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। थोक में सेब की पेटी 1,800 रुपए तक पिछले साल की तुलना में इस बार फलों के दाम बढ़े हैं। थोक मंडी में सेब की पेटी 1,600 से 1,800 रुपए और केले का घौद 800 से 1,200 रुपए तक बिक रहा है। खुदरा बाजार में नारियल 70 से 80 रुपए जोड़ा, केला 60 से 70 रुपए दर्जन, अनानास 100 से 120 रुपए जोड़ा और सेब 100 से 120 रुपए किलो मिल रहा है। संतरा 60 से 80 रुपए किलो और ईख 50 से 60 रुपए जोड़ा बिक रही है। दुकानदार राजू चौधरी ने बताया कि महंगाई के कारण कुछ ग्राहक इस बार खरीदारी सीमित कर सकते हैं। पहले जो लोग दो पेटी सेब खरीदते थे, वे इस बार एक पेटी से ही काम चला सकते हैं। गाजीपुर के दउरा और आरा के सूप से सजेगा अर्घ्य फल के साथ बांस से बने सूप और दउरा की दुकानों पर भी रौनक बढ़ गई है। रामरेखा घाट रोड स्थित परिसदन मोड़ पर कई दुकानें सजाई गई हैं। यहां गाजीपुर से आए दउरा और आरा से मंगाए गए सूप की बिक्री हो रही है। बांस के दउरा की कीमत 150 से 300 रुपये तक है, जबकि सूप 50, 60 और 70 रुपये में बिक रहे हैं। विक्रेता भवनाथ बताते हैं कि पिछले साल की तुलना में इस बार लगभग हर सामान पर 20 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद छठ पूजा की तैयारियों में जुटे लोग जरूरी सामान की खरीदारी कर रहे हैं। डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर भी दिया जाता है सम्मान का संदेश छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आभार प्रकट करने और सामाजिक समानता का भी पर्व है। इस पर्व में सूर्य और जल की उपासना के माध्यम से जीवन के आधारभूत तत्वों के प्रति कृतज्ञता जताई जाती है। खास बात यह है कि छठ में पहले डूबते सूर्य और फिर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। यह परंपरा जीवन में अस्त और उदय, दोनों अवस्थाओं के सम्मान का संदेश देती है। अस्त होते समय का भी सम्मान होना चाहिए बक्सर निवासी विवेक कुमार बताते हैं कि छठ पूजा में प्रकृति के प्रति सम्मान के साथ परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। इस पर्व की सबसे बड़ी खूबसूरती यह है कि जाति और ऊंच-नीच का भेद मिटाकर सभी लोग एक ही घाट पर एकत्रित होते हैं। डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर भी उन्हें उतना ही सम्मान दिया जाता है, जितना उगते सूर्य को। यह परंपरा सिखाती है कि जीवन में केवल उगते हुए लोगों का ही नहीं, बल्कि अस्त होते समय का भी सम्मान होना चाहिए। यही वजह है कि महंगाई और बाजार की चुनौतियों के बीच भी छठ की आस्था कमजोर नहीं पड़ती। दूर-दराज के राज्यों से आए फल और स्थानीय बाजार में सजे सूप-दउरा के बीच बक्सर एक बार फिर लोक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता के रंग में रंगने लगा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *