![]()
मधेपुरा। शहर के भिरखी काली मंदिर छठ घाट के पास नदी में गिर रहे नाले के गंदे पानी का बहाव शुक्रवार सुबह अस्थायी दीवार खड़ी कर रोक दिया गया। पिछले कई महीनों से नाले का पानी सीधे नदी में गिर रहा था। इससे छठ घाट पर स्वच्छ जल की उपलब्धता और व्रतियों की सुविधा को लेकर सवाल उठ रहे थे। स्थानीय लोगों ने चिंता जताई थी स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नगर परिषद प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर खींचा था। इसके बाद नगर परिषद की ओर से मजदूर भेजकर नाले के पानी का बहाव रोकने की व्यवस्था कराई गई। दरअसल, शहर का गंदा पानी नाले के रास्ते सीधे नदी में पहुंच रहा था। छठ के दौरान इसी घाट पर अर्घ्य देने पहुंचने वाले व्रतियों को दूषित पानी के बीच पूजा करने की आशंका थी। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई थी। अधूरा काम छोड़कर चला गया था ठेकेदार वार्ड-20 के पार्षद रामचंद्र कुमार ने बताया कि नगर परिषद की ओर से यहां काम शुरू कराया गया था, लेकिन ठेकेदार काम अधूरा छोड़कर चला गया। इस वजह से समस्या बनी हुई थी। छठव्रतियों को परेशानी न हो, इसलिए नाले को अस्थायी रूप से बंद कराया गया है। उन्होंने बताया कि 16 नवंबर तक नाले के गंदे पानी का बहाव रोका जाएगा। घाटों की सफाई को लेकर भी उठाए सवाल पूर्व पार्षद और पूर्व मुख्य पार्षद प्रत्याशी कुमारी विनीता भारती ने शहर के अन्य प्रमुख छठ घाटों की सफाई और तैयारियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई घाटों पर अब भी गंदगी और जलजमाव की स्थिति है। नालों का गंदा पानी नदी में गिरने से छठ के दौरान जल की स्वच्छता प्रभावित हो रही है। समय रहते करनी चाहिए ठोस व्यवस्था उन्होंने नगर परिषद प्रशासन से सवाल किया कि जब छठव्रती श्रद्धा और पवित्रता के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य देती हैं, तो उन्हें स्वच्छ पानी और साफ घाट उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी किसकी है? उन्होंने कहा कि छठ बिहार की संस्कृति, आस्था और अस्मिता का प्रतीक है। ऐसे में नगर परिषद को घाटों की सफाई और गंदे पानी का बहाव रोकने के लिए समय रहते ठोस व्यवस्था करनी चाहिए।
Source link
मधेपुरा में नाले का गंदा पानी नदी में गिरना रोका:छठ से 2 दिन पहले नगर परिषद ने अस्थायी दीवार बनाई
