![]()
गयाजी में पिकअप के मालिक से लूट हो गई। उन्हें मवेशियों को लोड करने के लिए सुनसान रास्ते पर बुलाया गया था। वहां पर उनके साथ मारपीट की गई। मोबाइल और रुपए छीन लिए गए। इसके बाद अपराधी पिकअप लेकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में इस्तेमाल 4 बाइक, 3 मोबाइल बरामद किए गए हैं। पिकअप की तलाश अभी जारी है। मामले की जानकारी एसडीपीओ सुरेंद्र सिंह ने पीसी कर दी है। मामला सरबहदा थाना क्षेत्र का है। 13 अक्टूबर की रात हुई थी घटना पुलिस के अनुसार, घटना 13 अक्टूबर की रात की है। नारदीगंज क्षेत्र के पिकअप मालिक को एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने 3 जानवर लोड कर ले जाने के लिए वाहन मंगाया। इसके बाद वाहन मालिक पिकअप लेकर सरबहदा बाजार पहुंचे। वहां एक युवक उनकी गाड़ी में बैठ गया। फिर उन्हें बताए गए रास्ते से तेतरिया पुल और पहाड़ के पास एक सुनसान जगह पर ले जाया गया। वहां पहले से करीब 8 अपराधी अलग-अलग बाइक से मौजूद थे। अपराधियों ने चालक के साथ मारपीट की। उसका मोबाइल और रुपए छीन लिए। इसके बाद उसे पिकअप से उतारकर वाहन लेकर फरार हो गए। इस मामले में 14 अक्टूबर को सरबहदा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वारदात के लिए पहले से जगह तय थी घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, सूचना संकलन और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज से पता चला कि पिकअप के पहुंचने के बाद एक युवक उसमें सवार हुआ था। वारदात के लिए पहले से जगह भी तय कर ली गई थी। जांच के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी हुई गिरफ्तारी गिरफ्तार आरोपियों में राजबली चौधरी, सोनू कुमार, प्रवीण चौधरी, दीपक चौधरी और नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के भेलू बीघा निवासी मंटू कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह में नवादा, नीमचक बथानी और गहलौर इलाके के अपराधी शामिल थे। एसडीपीओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Source link
पिकअप वाले को लूटने वाले 5 अपराधी गिरफ्तार:मवेशी लोड करने के बहाने सुनसान इलाके में बुलाया था, कैश-वाहन ले गए थे
