4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

गयाजी में विराजमान भगवान विष्णु का दिव्य स्वरूप, चारों ओर सजे पकवान और शंख-घंटियों की गूंज के बीच गूंजते जयकारे। गोवर्धन पूजा और अन्नकूट पर्व पर विष्णुपद मंदिर में भक्ति का ऐसा ही अद्भुत नजारा देखने को मिला।
यहां भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के बीच हुई पूजा में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा और आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
सनातन परंपरा के अनुसार हर साल गोवर्धन पूजा के अवसर पर विष्णुपद मंदिर में अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया जाता है।
इस बार भी विष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति की ओर से उत्सव की विशेष तैयारियां की गई थीं। मंदिर में अन्न से भव्य पर्वताकार स्वरूप तैयार किया गया।
इसके ऊपर भगवान को विराजमान कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। अन्नकूट की सजी झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।

भगवान को लगाया भोग।
षोडशोपचार विधि से हुई भगवान की पूजा
विष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष शंभू लाल बिट्ठल ने बताया कि अन्नकूट पूजा की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। इस दिन सनातन धर्मावलंबी सामूहिक रूप से भगवान की आराधना करते हैं और अन्न के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हैं। गयाजी धाम में भगवान के चरणों का विशेष महत्व है। इसी मान्यता के अनुरूप यहां भगवान को अन्न के पर्वत पर विराजमान कर पूजा की जाती है।
उन्होंने बताया कि इस मौके पर भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। षोडशोपचार विधि से पूजन के दौरान फल, मिष्ठान और विभिन्न पकवान अर्पित किए गए।

कई तरह की मिठाइयां बनीं।
तुलसी सहस्त्रनाम के पाठ से गूंजा मंदिर परिसर
मुख्य पूजा उत्तरादी मठ के आचार्य मोहनाचार्य के सान्निध्य में संपन्न हुई। इसमें विष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति के कोषाध्यक्ष सुनील लाल हल यजमान बने।
वैदिक आचार्यों ने मंत्रोच्चार के बीच भगवान की पूजा-अर्चना कराई। तुलसी और विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ किया गया। इसके बाद भगवान की भव्य आरती उतारी गई।
आरती के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। शंख और घंटियों की ध्वनि के बीच श्रद्धालु जयकारे लगाते रहे। अन्नकूट की झांकी के दर्शन के लिए भक्तों में उत्साह दिखा। पूजा संपन्न होने के बाद मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद बांटा गया।
अन्नकूट का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यता के अनुसार गोवर्धन पूजा में प्रकृति, अन्न और गौवंश के प्रति आभार प्रकट किया जाता है। अन्नकूट में तरह-तरह के पकवानों को एकत्र कर भगवान को अर्पित किया जाता है।
इसे समृद्धि, सामूहिकता और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक माना जाता है। गयाजी के विष्णुपद मंदिर में इस परंपरा का विशेष महत्व है।

