![]()
नालंदा के बख्तियारपुर-राजगीर रेल खंड पर स्थित तुंगी हाल्ट के पास मंगलवार की देर शाम रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मानपुर थाना क्षेत्र के अलौदिया सराय निवासी स्वर्गीय नरेश पासवान के 32 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार उर्फ कारू पासवान के रूप में की गई है। वह पेशे से मजदूर था और परिवार का भरण-पोषण करता था। मोबाइल के जरिए हुई शिनाख्त घटना की सूचना मिलते ही सबसे पहले डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद दीपनगर थाने की पुलिस और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची। मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए पुलिस ने परिजनों से संपर्क साधा। सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है। अजीत चार भाइयों में सबसे छोटा था; उसके तीन भाइयों और पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिजनों ने ट्रेन हादसे से किया इनकार, हत्या का आरोप मृतक के चचेरे भाई व राजगीर विधानसभा से जन सुराज के प्रत्याशी सतेंद्र पासवान ने इसे दुर्घटना मानने से साफ इनकार किया है। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि अजीत का किसी से कोई विवाद नहीं था। उन्होंने कहा कि शव को देखने से यह स्पष्ट होता है कि यह ट्रेन हादसा नहीं है। उनके अनुसार, अगर ट्रेन से टक्कर होती तो शरीर पर घिसटने या गंभीर चोट के निशान होते, जबकि केवल सिर में गहरी चोट है और उसका सामान ट्रैक से दूर-दूर बिखरा मिला है। पुलिस का बयान दीपनगर थाने के अपर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चलती ट्रेन से उतरने के दौरान संतुलन बिगड़ने और गिरने से सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौत का प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि एफएसएल की टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है और परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
नालंदा में रेल पटरी के पास मिला मजदूर का शव:चचेरे भाई ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस ने बताया ट्रेन से गिरने से मौत
