![]()
बक्सर। छठ महापर्व को लेकर बक्सर के प्रसिद्ध रामरेखा घाट को आदर्श घाट के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इस बार यहां श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के साथ घाट को आकर्षक रूप देने की योजना बनाई गई है। उत्तरायण गंगा के किनारे स्थित इस ऐतिहासिक घाट पर बक्सर के अलावा आसपास के जिलों और दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन रामरेखा घाट को मॉडल घाट के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दे रहा है। प्रवेश और निकास के लिए बनेंगे अलग रास्ते जिलाधिकारी साहिला ने रामरेखा घाट की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। घाट की साफ-सफाई, रंग-रोगन और आकर्षक सजावट कराई जाएगी। श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने और आवागमन सुगम बनाने के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते बनाए जाएंगे। इसके अलावा जगह-जगह दिशा-निर्देश वाले पथ चिह्न और फ्लैक्स-बैनर लगाए जाएंगे। लेजर शो और सेल्फी प्वाइंट होंगे खास आकर्षण इस बार रामरेखा घाट पर लाइट एंड साउंड के साथ लेजर शो कराने की योजना है। इसके संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश नगर परिषद को दिया गया है। घाट पर सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जाएगा। आसपास के प्रमुख स्थानों को भी आकर्षक ढंग से सजाने की तैयारी है। इससे छठ के दौरान घाट की खूबसूरती बढ़ने के साथ श्रद्धालुओं को नया अनुभव मिलेगा। सीसीटीवी से निगरानी, बनेगा कंट्रोल रूम भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए घाट पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। खराब कैमरों को दुरुस्त कराने के साथ जरूरत के अनुसार अस्थायी कैमरे भी लगाए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इसके अलावा पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्ती और यातायात नियंत्रण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। अन्य घाटों पर भी मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं रामरेखा घाट के साथ जिले के अन्य छठ घाटों पर भी साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, पेयजल और शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत और समतलीकरण भी कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम और एंबुलेंस उपलब्ध रखने, जबकि आपदा प्रबंधन विभाग को गहरे पानी वाले स्थानों पर गोताखोरों और बचाव दल की तैनाती करने को कहा गया है। वरीय अधिकारियों को एक-एक घाट की जिम्मेदारी डीएम ने वरीय पदाधिकारियों को अपने आवंटित प्रखंड में कम से कम एक छठ घाट गोद लेकर वहां सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करने को भी कहा गया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार रामरेखा घाट पर श्रद्धालुओं को स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर सुविधाओं के साथ छठ पूजा का माहौल मिले और यह घाट आदर्श घाट के रूप में अपनी अलग पहचान बनाए।
Source link
मॉडल घाट के रूप में डेवलप होगा रामरेखा घाट:लेजर शो और सेल्फी प्वाइंट होंगे, CCTV से मॉनिटरिंग
