Headlines

लेटर भेजकर कार्यपालक अभियंता से एक करोड़ की मांगी रंगदारी:नहीं देने पर एके-47 से भून देने की दी धमकी, पत्र पर भाकपा माले जिंदाबाद लिखा




सीवान में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार चौधरी से एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है। रकम नहीं देने पर एके-47 से गोलियों से भून देने की धमकी दी गई है। इस मामले में कार्यपालक अभियंता ने नगर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार चौधरी के आवेदन के अनुसार, 10 नवंबर की शाम उन्हें डाक विभाग के माध्यम से एक बंद लिफाफा प्राप्त हुआ। लिफाफे पर प्रेषक के रूप में लोहा सिंह, ग्राम एवं पोस्ट ऊनसर, प्रखंड बोचहां, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार का पता लिखा था। साथ ही, खुद को भाकपा माले तिरहुत प्रक्षेत्र का एरिया कमांडर बताया गया था। लिफाफा खोलने पर अंदर एक धमकी भरा पत्र मिला। 14 नवंबर को पैसे देने को कहा पत्र में निर्देश दिया गया था कि 14 नवंबर को सगुना मोड़ की तरफ जाने वाली सड़क पर पटना नंबर की काली स्कॉर्पियो में उसका आदमी लाल रंग का गमछा लेकर मौजूद रहेगा। उसे एक करोड़ रुपये थैले या बैग में दे देना है। किसी तरह की चालाकी करने पर सीवान से पटना जाने के दौरान एके-47 से भून देने की धमकी दी गई थी। कार्यपालक अभियंता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की कार्यपालक अभियंता ने पत्र मिलने के बाद डाकघर से इसकी जानकारी ली। जांच में पता चला कि उक्त रजिस्ट्री 9 नवंबर को सीवान मुख्य डाकघर से की गई थी। इसके बाद उन्होंने नगर थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की। पत्र पर भाकपा माले जिंदाबाद लिखा धमकी भरे पत्र के ऊपर लाल सलाम और भाकपा माले जिंदाबाद लिखा गया है। पत्र में लिखा गया है कि किशनगंज और सीवान में ठेकेदारों से काफी धनराशि का दोहन किया गया है। संगठन के लोगों से जानकारी मिलने का हवाला देते हुए बिना काम कराए ठेकेदारों के माध्यम से गड़बड़ी कर 5 से 6 करोड़ रुपए अवैध तरीके से कमाने की बात कही गई है। इसी रकम का हवाला देकर संगठन चलाने के नाम पर एक करोड़ रुपये की मांग की गई है। पत्र के अंत में लोहा सिंह के नाम से हस्ताक्षर भी किया गया है। आवेदन के आधार पर FIR हुआ दर्ज इस संबंध में नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि कार्यपालक अभियंता से आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वरीय पदाधिकारियों को भी इसकी सूचना दे दी गई है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। चूंकि पत्र की रजिस्ट्री सीवान मुख्य डाकघर से हुई है, इसलिए वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि पत्र भेजने वाले की पहचान की जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *