Headlines

मुजफ्फरपुर- भाइयों की लंबी उम्र के लिए गोवर्धन पूजा:बोली- भाई-बहन का रिश्ता सबसे अनमोल; दादी-मां से जो सीखा, उस परंपरा को बढ़ा रहे




मुजफ्फरपुर में बुधवार को गोवर्धन पूजा का पर्व पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के पंकज मार्केट में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं। महिलाओं ने परंपरा के अनुसार विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की। पूजा के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन किया। महिलाओं ने कहा कि भाइयों की लंबी उम्र के लिए गोवर्धन पूजा के रिवाजों और विधियों को दादी और मां से सीखा है, जिसे हम सभी आगे बढ़ा रहे हैं।

इस दौरान पूजा स्थल पर महिलाओं की भीड़ जुटी रही। महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाए। खास बात यह रही कि पूजा के दौरान छठ महापर्व से जुड़े लोकगीत भी गूंजते रहे। गीतों के माध्यम से महिलाओं ने अपनी आस्था और लोक संस्कृति की खूबसूरत झलक पेश की। पूरे माहौल में भक्ति, उत्साह और आपसी सौहार्द देखने को मिला। क्यों मनाई जाती है गोवर्धन पूजा?

हिंदू धर्म में गोवर्धन पूजा का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। यह पर्व दीपावली के अगले दिन यानी कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को देवराज इंद्र की पूजा के स्थान पर गोवर्धन पर्वत और प्रकृति की पूजा करने का संदेश दिया था। इससे नाराज होकर इंद्र ने ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और उनके पशुधन को बारिश से बचाया था। इसके बाद से गोवर्धन पूजा की परंपरा शुरू हुई।

इस दिन गोवर्धन पर्वत के प्रतीक स्वरूप गोबर से आकृति बनाई जाती है और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की जाती है। कई स्थानों पर अन्नकूट का भोग भी लगाया जाता है। यह पर्व प्रकृति, पर्यावरण, कृषि और पशुधन के महत्व को भी दर्शाता है। रीति-रिवाज से महिलाएं भाइयों के लिए करती हैं गोवर्धन पूजा

वहीं, बिहार के कई इलाकों में इसी दिन महिलाओं द्वारा गोधन पूजा की विशेष परंपरा निभाई जाती है। इसमें महिलाएं अपने भाइयों की लंबी उम्र और मंगलमय जीवन के लिए पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा करती हैं। मुजफ्फरपुर के पंकज मार्केट में भी इसी परंपरा की झलक देखने को मिली।

पूजा नाम की महिला ने बताया कि गोवर्धन पूजा हमारी पुरानी परंपरा है। हम हर साल पूरे विधि-विधान से पूजा करते हैं। इस पूजा के माध्यम से हम अपने भाइयों की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी जीवन की कामना करते हैं। हमारी कोशिश है कि आने वाली पीढ़ियां भी इस परंपरा को आगे बढ़ाएं।

भाई के लिए गोवर्धन पूजा कर रही सुमेधा ने बताया कि यह पर्व हम सभी महिलाओं के लिए बहुत खास है। पूजा के दौरान हम एक-दूसरे से मिलते हैं, बधाई देते हैं और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं। भाई-बहन का रिश्ता बहुत अनमोल होता है। भगवान से यही प्रार्थना है कि हर भाई हमेशा स्वस्थ और खुश रहे।

गोवर्धन पूजा को लेकर सागरिका ने बताया कि हमारी संस्कृति में हर पर्व का अपना महत्व है। गोवर्धन पूजा के दिन पारंपरिक गीत गाने और मिल-जुलकर पूजा करने की अलग ही खुशी होती है। आज पूजा के दौरान छठ के गीत भी गाए गए। ऐसे आयोजन से हमारी लोक संस्कृति और परंपराएं जीवित रहती हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *