![]()
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों को लेकर बिहार सरकार के मंत्री सह जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार तथा सांसद कौशलेंद्र कुमार ने बिहारशरीफ नगर निगम एवं प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम के वार्ड संख्या 49 स्थित कोसुक, वार्ड 48 के मघड़ा शीतला मंदिर तालाब, मघड़ा नदी घाट और बिहारशरीफ प्रखंड के वियावानी छठ घाट पर चल रही प्रशासनिक तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। छठ महापर्व बिहार की आत्मा और लोक संस्कृति का प्रतीक निरीक्षण के बाद मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि छठ सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि आस्था, साधना और पवित्रता से जुड़ा महापर्व है। यह बिहार की आत्मा है, जिसे देश-विदेश में पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। 36 घंटे के निर्जला व्रत वाले इस पर्व में व्रतियों को किसी भी तरह की कठिनाई न हो, इसके लिए राज्य सरकार पूरी तरह कृतसंकल्पित है। उन्होंने बताया कि बड़गांव धाम जैसे ऐतिहासिक स्थलों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं, जहां हर बुनियादी सुविधा सुनिश्चित की जा रही है। घाटों पर युद्धस्तर पर सफाई और बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश मंत्री ने नगर निगम और प्रखंड स्तर के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी छठ घाटों और तालाबों में समय रहते विशेष सफाई अभियान पूरा किया जाए। घाटों तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों को दुरुस्त करने के साथ-साथ शुद्ध पेयजल, स्थायी व सचल शौचालय, व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम और ठहरने हेतु वाटरप्रूफ पंडाल की पुख्ता व्यवस्था की जाए। इसके अतिरिक्त पूरे घाट परिसर और मार्गों पर पर्याप्त लाइटनिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। सुगम यातायात, निरंतर माइकिंग और आपदा प्रबंधन की मुस्तैदी श्रद्धालुओं के सुचारु आवागमन के लिए मजबूत ट्रैफिक प्लान और पार्किंग जोन तैयार करने के निर्देश दिए गए। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन दल के साथ-साथ आवश्यकतानुसार एनडीआरएफ की टीमें तैनात रहेंगी। भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं को जरूरी सूचनाएं पहुंचाने के लिए घाटों पर लगातार माइकिंग की जाएगी। सांसद कौशलेंद्र कुमार ने भी कहा कि प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है और उन्होंने स्थानीय नागरिकों से घाटों को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील की।
Source link
'व्रतियों को किसी भी तरह की कठिनाई न हो':नालंदा में मंत्री, सांसद ने छठ घाटों का किया निरीक्षण, बोले- लाइट की प्रॉपर व्यवस्था करें
