Headlines

मुजफ्फरपुर- घर से 500 दूर मिला प्रॉपर्टी डीलर का शव:रात में टोल प्लाजा से ट्रक छुड़ाने गए थे, सुबह मिली बॉडी; शरीर पर चोट के निशान




मुजफ्फरपुर में गायघाट थाना क्षेत्र के मैठी चौक के पास गुरुवार सुबह एनएच-27 किनारे झाड़ी में प्रॉपर्टी डीलर कमलेश राय (55) का शव मिला। उनके सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे। शव घर से करीब 500 मीटर दूर मिला। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। कमलेश मैठी गांव के रहने वाले थे। उनके भाई विमलेश राय ने बताया कि बुधवार रात करीब 9:30 बजे कमलेश एक ट्रक को टोल प्लाजा से छुड़ाने गए थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे उनके भाई चाय पीकर लौट रहे थे। इसी दौरान घर से लगभग 500 मीटर दूर सड़क किनारे झाड़ी में कमलेश का शव दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जमीन के कारोबार से जुड़े विवाद में हत्या की आशंका विमलेश राय ने बताया कि कमलेश पहले ट्रक चलाते थे। करीब एक साल से जमीन की खरीद-बिक्री का काम कर रहे थे। इसी कारोबार से जुड़े किसी विवाद में उनकी हत्या किए जाने की आशंका है। उन्होंने बताया कि कमलेश बुधवार रात टोल प्लाजा पर ट्रक छुड़ाने गए थे। उनके साथ लालू मेहता नाम का एक व्यक्ति भी था। परिजनों के अनुसार, वह फिलहाल फरार है। पुलिस इस जानकारी के आधार पर भी जांच कर रही है। सिर और गर्दन पर चोट के निशान कमलेश के चाचा शिवनारायण राय ने बताया कि रात में उनके लापता होने के बाद परिवार के लोग आसपास खोजबीन करते रहे। सुबह शव मिलने की सूचना पर पुलिस पहुंची। उन्होंने शरीर पर चोट के निशान होने की बात कही और आशंका जताई कि कमलेश की गला दबाकर हत्या की गई होगी। हालांकि, उन्होंने भी मौत की वजह को लेकर आशंका ही जताई है। सड़क जाम होने से सिंगल लेन पर आवागमन बहाल रहा घटनास्थल पर भीड़ जुटने के कारण सुबह करीब 6:30 बजे मुजफ्फरपुर से दरभंगा जाने वाली लेन पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने वन-वे व्यवस्था कर यातायात चालू कराया। गायघाट थानाध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *