![]()
जक्कनपुर थाना क्षेत्र के संजय नगर रोड नंबर-5 स्थित परमिला निवास में बुधवार शाम एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान नवादा निवासी मनु कुमार (23 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पटना में रहकर रैपिडो चलाता था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, मनु कुमार अपने चाचा और एक अन्य युवक के साथ पिछले छह महीने से मकान में किराए पर रह रहा था। खिड़की से अंदर झांककर देखा तो युवक फंदे से लटका दिखा मकान मालकिन उर्मिला देवी ने बताया कि बुधवार शाम युवक के चाचा बाहर से लौटे तो मनु ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर रखा था। काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने इसकी जानकारी मकान मालकिन को दी। इसके बाद मकान मालकिन और अन्य लोगों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो युवक फंदे से लटका हुआ था। यह देखकर सभी के होश उड़ गए। आनन-फानन में जक्कनपुर थाने की पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जांच में जुटी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। मृतक के दादा भी घटनास्थल पर पहुंचे। जवान पोते की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। फिलहाल युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
पटना- किराए के मकान में युवक ने सुसाइड किया:फंदे से लटककर दी जान, नवादा का रहने वाला था
