भास्कर न्यूज| बेगूसराय आम लोगों की समस्याएं सीधे सुनने के लिए डीएम रिची पांडेय ने जनता दरबार लगाया। डीएम ने आदेश दिया कि जनता दरबार में आने वाली शिकायतों का निष्पादन अब एक सप्ताह के भीतर हो। डीएम ने कहा कि निपटारा सिर्फ कागजी खानापूर्ति न रहे। मामले की असली जांच हो। आवेदक को संतोषजनक समाधान मिले। जनता दरबार में जिले के अलग-अलग इलाकों से आए लोगों ने 40 आवेदन दिए। सबसे ज्यादा शिकायतें जमीन विवाद, भूमि परिमार्जन, रास्ते की समस्या, अतिक्रमण से जुड़ी रहीं। लोगों ने आधार कार्ड बनवाने, आधार में सुधार, पेंशन, थाने से जुड़े मामले भी रखे। डीएम ने सभी की बात सुनी। संबंधित विभागों के अधिकारियों को जांच कर नियम के अनुसार कार्रवाई का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि की गई कार्रवाई की जानकारी आवेदक को अनिवार्य रूप से दी जाए। समयसीमा का पालन हो। काम में पारदर्शिता रहे। गुणवत्ता बनी रहे। डीएम ने कहा कि छोटी-बड़ी समस्या के लिए लोगों को बार-बार अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। यह प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। डीएम ने कहा कि प्रशासन और आम लोगों के बीच सीधा संवाद सुशासन का आधार है। जनता दरबार से लोगों को जिला प्रशासन के सामने सीधे अपनी बात रखने का मौका मिलता है। जिला प्रशासन शिकायतों के निष्पक्ष, पारदर्शी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासन के मुताबिक, आम लोगों की समस्याओं के समाधान और जिला प्रशासन तक आसान पहुंच के लिए हर सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को जनता दरबार होता है।
Source link
जनता दरबार की शिकायतें एक हफ्ते में निपटेंगी: डीएम
