![]()
बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के चमनपुरा गांव में 17 वर्षीय छात्रा का शव घर से करीब एक किलोमीटर दूर पीपल के पेड़ से लटका मिला। मृतका की पहचान गांव के लक्ष्मण राम की बेटी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। वह नौवीं कक्षा में पढ़ती थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मेला घूमने जाने पर पिता ने डांटा था परिजनों के अनुसार, प्रियंका सोमवार को बिना बताए मेला घूमने चली गई थी। घर लौटने पर पिता ने उसे डांटा था। इसके बाद रात में परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए। मंगलवार सुबह प्रियंका रोज की तरह कोचिंग जाने के लिए घर से निकली, लेकिन कोचिंग नहीं पहुंची। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। वे कोचिंग सेंटर पहुंचे तो पता चला कि वह उस दिन पढ़ने नहीं आई थी। खेत में काम कर रहे किसानों ने देखा शव परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि खेत में काम करने गए कुछ किसानों ने चंवरा की ओर एक पीपल के पेड़ से शव लटका देखा। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान प्रियंका के रूप में की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। प्रियंका छह बहनों में सबसे बड़ी थी। घटना के बाद उसकी मां, बहनों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
Source link
गोपालगंज में नौवीं की छात्रा का मिला शव:एक किलोमीटर दूर पीपल के पेड़ से लटका था, मेला घूमने जाने पर पिता ने लगाई थी डांट
