![]()
दरभंगा में बंगाल के स्वर्ण कारोबारी से लूट मामले में गिरफ्तार भाजपा के नगर दक्षिणी मंडल के महामंत्री विशाल महासेठ को पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। कार्रवाई दरभंगा पश्चिमी के जिलाध्यक्ष प्रो. आदित्य नारायण मन्ना ने की है। इसकी जानकारी भाजपा के मीडिया प्रभारी मुकुंद चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है। मिथिला स्टूडेंट यूनियन (एमएसयू) ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और विशाल महासेठ के बीच फोन कॉल की जांच के लिए CDR सार्वजनिक करने की मांग की है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से आग्रह किया है कि मामले की जांच पूरी होने तक संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाया जाए। संगठन का कहना है कि पूरे मामले में राजनीतिक संरक्षण की भूमिका की जांच होनी चाहिए। ‘विशाल महासेठ ने पार्टी की छवि खराब की है’ जिलाध्यक्ष की ओर से जारी पत्र में लिखा गया है कि विशाल महासेठ के खिलाफ लगे गंभीर आरोपों से पार्टी की छवि, अनुशासन और संगठनात्मक मर्यादा प्रभावित हुई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित करने का निर्णय लिया गया है। जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि भाजपा में संगठन की गरिमा और अनुशासन सर्वोपरि है। संगठन की मर्यादा के विपरीत किसी भी प्रकार के आचरण को स्वीकार नहीं किया जाएगा। ‘हमने तो पहले ही कहा था, विशाल की संलिप्तता है’ इधर, विशाल महासेठ की गिरफ्तारी के बाद मिथिला स्टूडेंट यूनियन (एमएसयू) के उदय झा ने दावा किया कि 10 नवंबर की सुबह ही एमएसयू ने सोशल मीडिया के माध्यम से लूटकांड में विशाल महासेठ की संलिप्तता-गिरफ्तारी की जानकारी सार्वजनिक की थी। शुरुआत में कई लोगों ने इस सूचना को गलत बताया था, लेकिन पुलिस की ओर से लूटकांड का खुलासा किए जाने के बाद संगठन ने अपने दावे को सही बताS। संगठन का आरोप है कि आरोपी को बचाने के लिए पिछले कुछ दिनों से प्रयास किए जा रहे हैं और पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाने की भी कोशिश हुई है। ‘भाजपा अपराधियों को संरक्षण दे रही है’ वहीं, भाकपा (माले) के जिला सचिव बैद्यनाथ यादव ने कहा कि भाजपा अपराधियों को संरक्षण देने वाली पार्टी साबित हो रही है। सोना-चांदी लूटकांड में भाजपा नेता का नाम अभियुक्त के रूप में सामने आने से सरकार के कानून-व्यवस्था और सुशासन के दावों का पर्दाफाश हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ओर अपराधमुक्त बिहार बनाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर पार्टी से जुड़े लोगों का नाम गंभीर आपराधिक मामलों में सामने आ रहा है। राज्य में हत्या, लूट और गोलीबारी की घटनाओं से आम लोग भयभीत हैं। माले जिला सचिव ने कहा कि अपराधमुक्त बिहार बनाने के लिए भाजपा से बिहार की मुक्ति जरूरी है। उन्होंने चांदी लूटकांड की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। 7 नवंबर को सर्राफा कारोबारी को बाइक सवार 5 बदमाशों ने लूटा था… रेस्टोरेंट में बनाई थी लूट की साजिश दरभंगा में 7 नवंबर को बंगाल के सर्राफा कारोबारी से करोड़ों रुपए की ज्वेलरी लूट हुई थी। इस मामले में दरभंगा पुलिस ने बीजेपी नगर महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ विक्की समेत 5 आरोपियों को अरेस्ट किया था। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 2 कार से छोटे-बड़े 56 बिस्किट बरामद किए थे। इसकी वजन 62.040 किलो है और कीमत करीब 1 करोड़ 39 लाख 25 हजार आंकी गई थी। SSP जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि कारोबारी का ड्राइवर अरोपियों से मिला हुआ था। ड्राइवर ने कारोबारी के आने की सूचना दी थी। इसके बाद एक रेस्टोरेंट में लूट की साजिश रची गई। इस मामले में छोटू कुमार यादव (29), विशाल महासेठ उर्फ विक्की (35), धीरज सोनी, संतोष कुमार साह (63) और अभिषेक बंद्र (23) को गिरफ्तार किया है। बाकी की गिरफ्तारी होनी बाकी है। गिरफ्तार विशाल महासेठ उर्फ विक्की का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ उसकी फोटो भी है।
Source link
गिरफ्तारी के बाद भाजपा नेता को पार्टी ने किया निलंबित:62 किलो चांदी लूटकांड में शामिल, प्रदेश अध्यक्ष सरावगी को भी पद से हटाने की मांग
