Headlines

दिल्ली इमारत हादसे में बोबिल पंचायत के 5-मजदूरों की मौत:जिला प्रशासन से शव गांव पहुंचाने की मांग, समाजसेवी ने आंदोलन-चक्का जाम की दी चेतावनी




दिल्ली में रोजगार की तलाश में गए खगड़िया के पांच मजदूरों की मौत हो गई। दिल्ली के अजमेरी गेट-चावड़ी बाजार इलाके में निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत में छत ढलाई के दौरान हादसा हुआ। जिसमें मलबे के नीचे दबने से सभी की जान चली गई। हादसे के तीसरे दिन शनिवार को लगातार चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे में दबे चार लापता मजदूरों के शव भी बरामद कर लिए गए। इससे पहले गुरुवार को ही संजीत राम का शव निकाल लिया गया था। चार अन्य शवों की बरामदगी के साथ ही हादसे में जान गंवाने वाले सभी पांच मजदूरों की मौत की पुष्टि हो गई। मृतक मजदूर बेलदौर प्रखंड की बोबिल पंचायत के वार्ड संख्या 2, 3 और 4 के अंतर्गत आने वाले बेसीबासा और हनुमाननगर गांव के निवासी थे। हादसे की खबर मिलने के बाद से ही दोनों गांवों में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिन घरों में दीपावली की खुशियां मनाने की तैयारी चल रही थी, वहां अब अपनों को खोने का गम है। अंतिम संस्कार को लेकर असमंजस बरकरार सभी पांच मजदूरों के शव बरामद होने के बाद अब उनके पार्थिव शरीर को गांव लाने अथवा दिल्ली में ही अंतिम संस्कार किए जाने को लेकर असमंजस बना हुआ है। पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से जिला प्रशासन से सभी शवों को सम्मानपूर्वक गांव पहुंचाने की मांग की जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक जिला प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने की बात सामने आई है। ग्रामीणों और परिजनों को प्रशासन के फैसले का इंतजार है। पीड़ित परिवारों से मिले श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी हादसे में सभी मजदूरों के शव बरामद होने की सूचना के बाद शनिवार को श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सह प्रभारी बीईओ मनोहर कुमार चौधरी हनुमाननगर और बेसीबासा गांव पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता जल्द उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि सरकारी सहायता की प्रक्रिया के लिए आश्रितों को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, एफआईआर की प्रमाणित प्रति और मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। इस दौरान मुखिया प्रतिनिधि संजय सिंह, जदयू नेता सह समाजसेवी ऋषभ कुमार सहित कई ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे। 50-50 लाख मुआवजा और नौकरी देने की मांग इधर, जदयू नेता सह समाजसेवी ऋषभ कुमार ने मृतक मजदूरों के आश्रितों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता दिलाने के लिए जिला प्रशासन एवं श्रम विभाग से पहल करने की मांग की है। उन्होंने श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी बेलदौर मनोहर कुमार चौधरी, श्रम अधीक्षक खगड़िया और गोगरी एसडीओ से पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता अविलंब उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। ऋषभ कुमार ने केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 50-50 लाख रुपए मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। साथ ही जिला प्रशासन से पांचों मजदूरों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव तक पहुंचाने की व्यवस्था करने का आग्रह किया। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर ग्रामीणों के साथ आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *