![]()
बेगूसराय में दीपावली का पर्व इस बार उत्साह, उमंग, आस्था और परंपरा के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक हर घर, हर गली और हर कोना इलेक्ट्रॉनिक लड़ी और दीपों की रोशनी से जगमग नजर आया। दीपावली की शाम घरों में विधि-विधान के साथ माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गई, जिसमें सुख, समृद्धि और शांति की कामना की गई। दीयों की रोशनी वाले त्योहार में पटाखों के जलाए जाने से बेगूसराय शहर का एक्यूआई 548 दर्ज किया गया है, जो बेहद खतरनाक श्रेणी में आता है। इससे पहले दिन में शुरू हुआ आतिशबाजी और पटाखों का सिलसिला पूरी रात भर उत्साह के साथ चलता रहा और अगले दिन सुबह से भी रुक-रुक कर आतिशबाजी का दौर जारी रहा, जिससे पूरे जिले का माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। दैनिक भास्कर द्वारा ड्रोन कैमरे के माध्यम से बेगूसराय शहर का विहंगम नजारा देखा गया। ड्रोन व्यू में दीयों, पटाखों की जगमग दिखा बेगूसराय शहर वह बेहद अद्भुत और मनमोहक था। ऊपर से देखने पर पूरा शहर दीपों की जगमगाहट और रोशनी की चादर में लिपटा हुआ प्रतीत हो रहा था, मानों आसमान से तारे जमीन पर उतर आए हों। शहर की बहुमंजिला इमारतों, बाजारों और रिहायशी इलाकों की सजावट ने इस पर्व की खूबसूरती को चार चांद लगा दिए। हर तरफ दूधिया रोशनी और दीपों की कतारें शहरवासियों के दिलों में एक नई ऊर्जा और उल्लास का संचार कर रही थी। जिला मुख्यालय में बीपी स्कूल के मैदान को दीयों से सजाया इस महापर्व के दौरान शहर में अनूठी और प्रेरक तस्वीरें भी देखने को मिली। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक बीपी स्कूल के मैदान को स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों ने अनूठे तरीके से सजाया। खिलाड़ियों ने मैदान पर बड़ी संख्या में दीप जलाकर दीपावली का जश्न मनाया, जो खेल प्रेमियों के बीच आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक परंपरा के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाता है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साह से मनाई दिवाली बीपी स्कूल के मैदान में सजे दीपों की जगमगाहट ने खेल जगत और आमजन दोनों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने इस पर्व का भरपूर आनंद उठाया। बाजारों में भी खरीदारों की भारी भीड़ देखने को मिली थी, और दीपावली के दिन हर घर में बने पारंपरिक पकवानों व मिठाइयों की खुशबू ने त्योहार के आनंद को और बढ़ा दिया।
Source link
दीपावली में लाइट, पटाखों से रोशन बेगूसराय, देखिए ड्रोन व्यू:बीपी स्कूल के मैदान को खिलाड़ियों ने दीयों से सजाया; 548 पहुंचा AQI
