![]()
मुजफ्फरपुर में हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसी सातवीं की छात्रा संध्या कुमारी (14) के मामले में एक महीने बाद डीईओ समेत 4 के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। अहियापुर के उच्च माध्यमिक विद्यालय शाहबाजपुर में 9 अक्टूबर को स्कूल में लंच के दौरान छत के पास से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आने से तीन बच्चे झुलस गए थे। इनमें संध्या सबसे ज्यादा गंभीर रूप से घायल हुई थी। उसे बचाने के लिए अब तक दो सर्जरी करनी पड़ी है। करंट से दाहिने हाथ को गंभीर नुकसान पहुंचने के कारण डॉक्टरों को कलाई के आगे का हिस्सा हटाना पड़ा। अभी हाथ के बाकी हिस्से में भी गहरे घाव हैं। परिजन को चिंता है कि तीसरी बार भी हाथ काटा जा सकता है। पिता के लिखित आवेदन के आधार पर केस संध्या के पिता राजकुमार गुप्ता के लिखित आवेदन पर 8 नवंबर को अहियापुर थाने में केस दर्ज किया गया है। आवेदन में जिला शिक्षा पदाधिकारी, स्कूल प्रबंधन और बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। पटना ले जाने तका दबाव बनाने का आरोप इस मामले में परिजन जहां एक महीने तक एफआईआर दर्ज कराने के लिए अधिकारियों और थाने का चक्कर लगाने की बात कह रहे हैं, वहीं अब उनका आरोप है कि बच्ची का इलाज चलने के दौरान स्कूल के हेडमास्टर और जिला शिक्षा पदाधिकारी उसे पटना ले जाने का दबाव बना रहे हैं। दूसरी ओर, इलाज कर रहे डॉक्टर का कहना है कि बच्ची की स्थिति में सुधार है और फिलहाल उसे रेफर करने की जरूरत नहीं है। मां बोली- इलाज के बीच पटना ले जाने को कह रहे अधिकारी संध्या की मां अनु देवी का आरोप है कि बच्ची की हालत गंभीर होने के बावजूद स्कूल के हेडमास्टर और जिला शिक्षा पदाधिकारी बच्ची को पटना ले जाने का दबाव बना रहे हैं। फिलहाल इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा है। यहां डॉक्टर लगातार उसका उपचार कर रहे हैं। जब यहां इलाज चल रहा है और डॉक्टरों ने रेफर नहीं किया है, तो फिर उन्हें यहां से जाने के लिए क्यों कहा जा रहा है। पिता बोले- एक महीने तक भटकते रहे, अब जाकर दर्ज हुई एफआईआर संध्या के पिता राजकुमार गुप्ता ने बताया कि घटना 9 अक्टूबर की है। स्कूल की छत के बिल्कुल पास से 11 हजार वोल्ट का तार गुजर रहा था। लंच के दौरान उनकी बेटी उसकी चपेट में आ गई। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गई। स्कूल के शिक्षकों ने उसे एसकेएमसीएच में भर्ती कराया था। ‘एक महीने तक सुनवाई नहीं हुई’ राजकुमार का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने कार्रवाई के लिए लगातार प्रयास किया। थाने में आवेदन दिया, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं हुई। वे केस नंबर लेने के लिए भी गए, पर उन्हें नहीं मिला। कभी फर्द बयान लेने की बात कही गई, तो कभी कार्रवाई का आश्वासन मिला। इस बीच वे डीएम, जनप्रतिनिधियों और कई नेताओं के पास भी गए। न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतरकर विरोध भी किया, लेकिन करीब एक महीने तक कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार 8 नवंबर को एफआईआर दर्ज की गई। पिता ने आवेदन में स्कूल के प्रिंसिपल, हेडमास्टर, बिजली विभाग के सब स्टेशन और जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित संबंधित लोगों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। डॉक्टर बोले- संक्रमण नियंत्रित कर बचाया बाकी हाथ, अभी स्थिति में सुधार एसकेएमसीएच के बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. राधा रमण ने बताया कि 11 हजार वोल्ट करंट लगने से संध्या के दाहिने हाथ को गंभीर नुकसान पहुंचा था। हाथ का कुछ हिस्सा पूरी तरह डैमेज हो गया था। दो बार सर्जरी कर कलाई और उसके आगे का हिस्सा हटाना पड़ा। हाथ के बाकी हिस्से में भी काफी घाव हैं। करंट से त्वचा और मांसपेशियां जली थीं। शुरुआत में पूरा हाथ जाने की आशंका थी, लेकिन संक्रमण को नियंत्रित करने और इलाज के प्रयास से बाकी हाथ को बचाया जा सका। डॉक्टर ने बताया कि अभी बच्ची की स्थिति में सुधार है और वह रिकवरी मोड में है। घाव पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद स्किन ग्राफ्टिंग की जाएगी। इसमें शरीर की त्वचा लगाकर घाव को ढकने की प्रक्रिया होगी। करंट से झुलसने के मामलों में कई चरणों में सर्जरी की जरूरत पड़ती है। पहले खराब हो चुके हिस्से को हटाया जाता है, फिर संक्रमण नियंत्रित कर घाव को भरने दिया जाता है। इसके बाद फाइनल सर्जरी होती है। ‘फिलहाल किसी सर्जरी की जरूरत नहीं है’ डॉ. राधा रमण के अनुसार, अभी तत्काल किसी और सर्जरी की जरूरत नहीं है और बच्ची को दूसरे अस्पताल रेफर करने की स्थिति भी नहीं है। फिलहाल उसका इलाज यहीं चल रहा है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में हाथ का ज्यादा हिस्सा खराब लग रहा था, लेकिन उपचार के बाद उसे बचाने की कोशिश सफल रही। आगे घाव की स्थिति के अनुसार स्किन ग्राफ्टिंग की जाएगी। एसडीपीओ बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई एसडीपीओ टाउन-2 दीपक कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
करंट से झुलसी छात्रा मामले में एक महीने बाद FIR:2 बार सर्जरी, तीसरी बार हाथ काटने की नौबत; स्कूल में हाईटेंशन तार की चपेट में आई थी
