![]()
औरंगाबाद जिले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने और खेती की लागत कम करने के लिए कृषि यांत्रिकीकरण योजना के तहत अनुदान दिया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (SMAM) योजना के तहत कृषि यंत्रों की खरीद पर 40 से 80 प्रतिशत तक अनुदान मिलेगा। इच्छुक किसान 30 नवंबर 2026 तक OFMAS पोर्टल www.farmech.bih.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिला कृषि विभाग की ओर से किसानों को योजना की जानकारी देकर आवेदन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। 781 किसानों को परमिट, मेले में 45 लाख के यंत्रों की खरीदारी कृषि विभाग के अनुसार, केंद्रीकृत ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से जिले के 781 किसानों को पहले चरण में कृषि यंत्र खरीदने के लिए परमिट जारी किया गया है। किसानों को उपकरणों की जानकारी देने और योजना का लाभ पहुंचाने के लिए 4 और 5 नवंबर को संयुक्त कृषि भवन परिसर, ब्लॉक मोड़, औरंगाबाद में दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषि यांत्रिकीकरण मेला लगाया गया था। मेले में किसानों ने 45 लाख रुपये मूल्य के 109 छोटे-बड़े कृषि यंत्र खरीदे। इस दौरान उन्हें उपकरणों की उपयोगिता, संचालन और अनुदान पाने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। परमिट प्राप्त किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही यंत्रों की खरीदारी करनी होगी। 10 नवंबर तक बिल अपलोड नहीं किया तो परमिट की वैधता खत्म पहले चरण में परमिट पाने वाले सभी 781 किसानों को खरीदे गए कृषि यंत्रों का बिल 10 नवंबर 2026 तक OFMAS पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है। जारी परमिट की वैधता भी इसी तारीख तक है। विभाग के अनुसार, कई किसानों ने यंत्र खरीदने के बाद भी पोर्टल पर बिल अपलोड नहीं किया है। ऐसे किसानों से समय-सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है। तय तारीख के बाद परमिट की वैधता समाप्त हो जाएगी। कस्टम हायरिंग सेंटर (CHC), स्पेशल कस्टम हायरिंग सेंटर (SCHC) और कृषि यंत्र बैंक (FMB) के लाभार्थियों को भी समय पर खरीदारी कर बिल अपलोड करने का निर्देश दिया गया है। स्ट्रा रीपर से मिनी राइस मिल तक पर मिलेगा अनुदान योजना के तहत स्ट्रा रीपर, स्ट्रा बेलर, पैडी ट्रांसप्लांटर, सुपर सीडर, मिनी ट्रैक्टर, सोलर पैडी थ्रेशर, रोटरी डिस्क हैरो, पावर टिलर, लेजर लैंड लेवलर, जीरो टिलेज मशीन, रोटावेटर और रीपर कम बाइंडर जैसे कृषि यंत्रों पर अनुदान मिलेगा। इसके अलावा मिनी राइस मिल, दाल मिल और ऑयल मिल की खरीद पर भी अनुदान दिया जाएगा। इस योजना से खासकर लघु और सीमांत किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। आधुनिक उपकरणों से जुताई, बुआई, कटाई और फसल प्रबंधन के काम कम समय और कम श्रम में पूरे किए जा सकेंगे। इससे मजदूरी और खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी। किसान मौसम के अनुकूल समय पर कृषि कार्य भी कर सकेंगे। आवेदन और जानकारी के लिए यहां करें संपर्क कृषि विभाग के अनुसार, आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने से धान, गेहूं, दलहन, तिलहन और उद्यानिक फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि की संभावना है। इच्छुक किसान 30 नवंबर से पहले OFMAS पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। योजना की विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया में मदद के लिए उप निदेशक (कृषि अभियंत्रण), जिला कृषि अभियंत्रण कार्यालय, औरंगाबाद से संपर्क किया जा सकता है।
Source link
औरंगाबाद में कृषि यंत्रों पर 40 से 80% तक अनुदान:30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन का मौका, 781 किसानों को पहले चरण में परमिट जारी
