Headlines

ब्राजील के राष्ट्रपति लूला ने पहली बार फोन खरीदा:81 की उम्र में सेल्फी लेना, इंस्टाग्राम चलाना सीख रहे; कल चुनाव में बोल्सोनारो से मुकाबला




ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा ने पहली बार स्मार्टफोन खरीदा है। अब वे सेल्फी लेना और इंस्टाग्राम चलाना सीख रहे हैं। 25 अक्टूबर को होने वाले चुनाव में उनका मुकाबला पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे फ्लावियो बोल्सोनारो से है। 81 साल के लूला इससे पहले 2003 से 2010 तक राष्ट्रपति रह चुके हैं। 2023 में उन्होंने तीसरी बार सत्ता संभाली थी। अब वे चौथी बार राष्ट्रपति बनना चाहते हैं। माना जा रहा है कि चुनाव के पहले दौर में उम्मीद से कम वोट मिलने के बाद लूला ने सोशल मीडिया पर अपनी मौजूदगी बढ़ाने पर ध्यान देना शुरू किया है। लूला को फ्लावियो बोल्सोनारो से 2% कम वोट मिले थे ब्राजील में पहले दौर की वोटिंग 4 अक्टूबर को हुई थी। लूला को 45% वोट मिले थे, जबकि पुर्व राष्ट्रपति के बेटे फ्लावियो बोल्सोनारो को 47% वोट मिले। किसी भी उम्मीदवार को 50% से ज्यादा वोट नहीं मिले, इसलिए दूसरे दौर का मतदान हो रहा है। लूला ने अब तक फोन क्यों नहीं लिया? ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा अब तक अपना निजी मोबाइल फोन इस्तेमाल करने से बचते रहे हैं। उन्हें चिंता थी कि फोन पर बातचीत रिकॉर्ड या लीक हो सकती है। वे फोन पर ज्यादा समय बिताना भी पसंद नहीं करते। जरूरत पड़ने पर दूसरों के फोन का इस्तेमाल करते थे। लूला को सोशल मीडिया सिखा रहीं कानून की छात्रा पहले दौर में लूला के उम्मीद से कमजोर प्रदर्शन के बाद कानून की छात्रा आना एलिसा सिल्वा को उनकी टीम में शामिल किया गया। वे लूला को सोशल मीडिया पर लोगों से जुड़ने में मदद कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लूला ने अपनी राजनीति इंटरनेट के आने से पहले शुरू की थी। वे मजदूरों, ट्रेड यूनियनों और बड़ी रैलियों के जरिए लोगों तक पहुंचते रहे हैं। लेकिन अब युवा सोशल मीडिया पर ज्यादा जानकारी लेते हैं। इसलिए लूला को भी अपने पुराने प्रचार के तरीकों के साथ सोशल मीडिया का इस्तेमाल करना सीखना होगा। सोशल मीडिया पर युवा नेता लूला को टक्कर दे रहे पहले दौर के चुनावों में कई युवा नेताओं को बड़ी जीत मिली थी। इन नेताओं की सोशल मीडिया पर अच्छी पकड़ है। दक्षिणपंथी लिबरल पार्टी के 30 साल के निकोलस फरेरा को चुनाव में 30 लाख से ज्यादा वोट मिले थे। इंस्टाग्राम पर फरेरा के करीब 2.5 करोड़ फॉलोअर्स हैं। वहीं, वामपंथी नेताओं में 33 साल की एरिका हिल्टन और सिर्फ 21 साल की आना एलिसा सिल्वा भी चुनी गईं। दोनों को 5 लाख से ज्यादा वोट मिले। ब्राजील में चुनाव पर अमेरिका और चीन की नजर ब्राजील लैटिन अमेरिका की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और BRICS का संस्थापक सदस्य भी है। इसलिए यहां सरकार बदलने का असर सिर्फ देश की राजनीति तक सीमित नहीं रहेगा। लूला की सरकार चीन और BRICS देशों के साथ रिश्तों को मजबूत करने पर जोर देती रही है। ऐसे में उनकी वापसी से इन देशों के साथ मौजूदा रिश्ते और सहयोग जारी रहने की संभावना है। दूसरी तरफ फ्लावियो बोल्सोनारो को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के करीब माना जाता है। ऐसे में उनकी जीत से अमेरिका के साथ ब्राजील के रिश्तों में नया बदलाव आ सकता है। यानी इस चुनाव में मुकाबला सिर्फ लूला बनाम फ्लावियो का नहीं है। ब्राजील आगे अमेरिका के करीब जाता है या चीन और BRICS के साथ अपने मौजूदा रिश्तों को और मजबूत करता है, यह इस 25 अक्टूबर को होने वाले चुनाव का नतीजा तय करेगा। —————————– ये खबर भी पढ़ें… ट्रम्प ने भारत पर 100% टैरिफ लगाने वाला कानून रोका, बोले- हमें फायदा, रूस से कर चुका डीजल खरीद डील अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने रूस पर सख्त प्रतिबंध लगाने वाले कानून को फिलहाल रोक दिया है। ट्रम्प ने शुक्रवार को इस फैसले से जुड़े आदेश पर हस्ताक्षर किए और कहा कि यह कदम अमेरिका के हित में है। पूरी खबर पढ़ें…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *