Headlines

अमेरिका की फ्लोरिडा यूनिवर्सिटी के पास फायरिंग, 12 घायल:इनमें 6 बच्चे शामिल, 3 की हालत गंभीर; अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं




अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के तलहासी में शनिवार को फुटबॉल स्टेडियम के पास फायरिंग में 12 लोग घायल हो गए। यह घटना फ्लोरिडा एग्रीकल्चरल एंड मैकेनिकल यूनिवर्सिटी (FAMU) के होमकमिंग वीकेंड के दौरान हुई। पुलिस के मुताबिक, घायलों में 6 बच्चे शामिल हैं। 3 लोगों की हालत गंभीर है, जबकि 9 की स्थिति स्थिर बताई गई है। मामले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, फायरिंग से पहले वहां लोगों के बीच झगड़ा हुआ था। गोलीबारी फुटबॉल मैच के बाद भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई। यूनिवर्सिटी में चल रहा था होमकमिंग वीकेंड पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब 8 बजे पेरी और मनाटी स्ट्रीट के चौराहे के पास फायरिंग हुई। उस समय फ्लोरिडा AM यूनिवर्सिटी में होमकमिंग वीकेंड चल रहा था। यह यूनिवर्सिटी का खास आयोजन होता है, जिसमें पुराने छात्र अपने कॉलेज लौटते हैं और मौजूदा छात्रों के साथ खेल व दूसरे कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हैं। पुलिस ने बच्चों के घायल होने पर दुख जताया तलहासी पुलिस प्रमुख लॉरेंस रेवेल ने बताया कि घटनास्थल पूरी तरह सुरक्षित होने से पहले ही पुलिस अधिकारियों ने घायलों को सुरक्षित जगह पहुंचाया और अस्पताल ले जाने में मदद की। उन्होंने बच्चों के घायल होने पर दुख जताया। यूनिवर्सिटी ने सोशल मीडिया पर बताया कि फायरिंग उसके कैंपस के पास हुई, लेकिन परिसर सुरक्षित है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारी झगड़े की वजह और गोलीबारी में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटे हैं। पुलिस ने लोगों से घटना से जुड़ी जानकारी शेयर करने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *