![]()
बेगूसराय जिले में अपराधियों और दरिंदों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। जिले में पिछले 48 घंटों के भीतर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदातें सामने आई है। दोनों ही मामलों में अधेड़ आरोपियों ने मासूमों को हवस का शिकार बनाया। हालांकि, घटनाओं की सूचना मिलते ही बेगूसराय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों ही मामलों में त्वरित छापेमारी कर मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। ताजा मामला साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के एक गांव का है। जहां 21 सितंबर की दोपहर एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की गांव के पास खेत में गाय चरा रही थी। इसी दौरान संजय यादव बातचीत करने के बहाने उसके पास पहुंचा। पीड़िता जब तक कुछ समझ पाती, आरोपी ने कपड़े से उसका मुंह बांध दिया और घसीटते हुए बगल के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद बदहवास पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। आरोपी अधेड़ को गिरफ्तार कर पीड़िता का कराया मेडिकल परिजनों ने तुरंत बच्ची को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) साहेबपुर कमाल में भर्ती कराया। अस्पताल प्रशासन से सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी संजय यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता और आरोपी का आज मेडिकल कराया गया। मुख्यालय DSP निखिल कुमार ने बताया कि गाय चराने के दौरान 16 वर्षीय नाबालिग के साथ संजय यादव ने बातचीत के बहाने खेत में ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल जांच प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जल्द से जल्द अदालत में चार्जशीट दाखिल करेगी और स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। बखरी में 17 सितंबर को हुई थी दूसरी घटना दूसरी घटना 17 सितंबर को बखरी थाना क्षेत्र में घटी। जहां 58 वर्षीय मनोज केसरी ने एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की नीच हरकत की। घटना के बाद लोक-लज्जा और सामाजिक डर के कारण पीड़िता का परिवार दो दिनों तक चुप रहा। 19 सितंबर को हिम्मत जुटाकर पीड़िता की मां बखरी थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। मामला दर्ज होते ही बखरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 58 वर्षीय आरोपी मनोज केसरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का मेडिकल कराने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस मामले में भी पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और FSL टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं।
Source link
बेगूसराय में 4 दिन में दो नाबालिग बच्चियों से रेप:साहेबपुर कमला, बखरी की वारदात; दोनों मामले में आरोपी अधेड़, गिरफ्तार कर पुलिस ने भेजा जेल
