![]()
बॉलीवुड अभिनेता और समाजसेवक सोनू सूद इन दिनों बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं। इसी सिलसिले में वे मोकामा के विधायक अनंत सिंह से भी मुलाकात की। बातचीत के दौरान बिहार में बाढ़ की स्थिति, राहत कार्य और राज्य में हाल की आपराधिक घटनाओं समेत कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। वहीं, हाल में जमुई में हुई आपराधिक घटना के संदर्भ में पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने अपराधियों के खिलाफ बेहद कड़ी कार्रवाई की बात कही। उन्होंने कहा, अपराधियों का हाफ एनकाउंटर नहीं, बल्कि फुल एनकाउंटर होना चाहिए। और यह एक बार नहीं, हर बार होना चाहिए। अनंत सिंह ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को बिहार में रहने का अधिकार नहीं होना चाहिए। अपराधियों की कोई जाति या धर्म नहीं होता और अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। सोनू बोले- अनंत सिंह से काफी समय से मिलना चाहते थे अनंत सिंह से मुलाकात के बाद सोनू सूद ने कहा कि वे उनसे व्यक्तिगत रूप से काफी समय से मिलना चाहते थे। मंगलवार को मुलाकात होने पर उन्होंने खुशी जाहिर की। सोनू सूद ने अनंत सिंह के जमीन से जुड़े व्यक्तित्व की भी सराहना की। दोनों के बीच बातचीत के दौरान बाढ़ राहत कार्यों को लेकर भी चर्चा हुई। अनंत सिंह ने सोनू सूद के सामाजिक कार्यों और बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए किए जा रहे प्रयासों की तारीफ की। सोनू सूद के मुताबिक, वे बेगूसराय, लखीसराय और आसपास के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को समझने और जरूरत के मुताबिक राहत सामग्री उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि बाढ़ से प्रभावित किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति तक राहत और जरूरी सहायता पहुंच सके। इसके लिए उनकी टीम लगातार लोगों के संपर्क में रहेगी। अनंत सिंह की लैंड क्रूजर में बेगूसराय पहुंचे सोनू वहीं, अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद पटना से बेगूसराय जाते समय मोकामा में रुके थे। मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने उनके सम्मान में अपनी निजी ‘लैंड क्रूजर’ गाड़ी भेजी। सोनू सूद ने अनंत सिंह का यह सम्मान स्वीकार किया और उसी लैंड क्रूजर में बैठकर बेगूसराय के लिए रवाना हो गए।
Source link
अनंत सिंह बोले-रेप-छेड़खानी करने वालों का मर्डर कर देना चाहिए:पुण्य मिलेगा; बाहुबली से मिले एक्टर सोनू सूद, बोले- बहुत इच्छा थी उनसे मिलने की
