Headlines

बिहार के दारोगाओं का आज डिजिटल आंदोलन:सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्रेंड कराने में जुटे, वेतन विसंगति समेत 7 प्रमुख मांगें




बिहार में पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) अपनी वेतन विसंगति और सेवा से जुड़ी समस्याओं को लेकर सोमवार को दूसरी बार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर डिजिटल आंदोलन कर रहे हैं। दारोगाओं से जुड़े अलग-अलग प्लेटफॉर्म में अभियान के संदेश साझा किए जा रहे हैं और मांगों को सोशल मीडिया पर ट्रेंड कराने की कोशिश की जा रही है। इससे पहले 11 सितंबर को भी दारोगाओं ने X पर अभियान चलाया था। एक ही परीक्षा से बहाली, पे लेवल अलग होने पर आपत्ति दारोगाओं का कहना है कि BSSC स्नातक स्तरीय संयुक्त परीक्षा के विज्ञापन संख्या 07070114 के जरिए पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा/SI) और सचिवालय सहायक की बहाली हुई थी। उनका तर्क है कि इसके बावजूद दोनों पदों को अलग-अलग पे लेवल दिया गया है। पे लेवल-6 को बढ़ाकर पे लेवल-7 करने की मांग दारोगाओं के अनुसार, सचिवालय सहायक को पे लेवल-7, जबकि पुलिस अवर निरीक्षक को पे लेवल-6 दिया गया है। इसी अंतर को वेतन विसंगति बताते हुए दारोगा अपना पे लेवल बढ़ाकर 7 करने की मांग कर रहे हैं। दारोगा का वेतनमान 9300-34800 और 4200 ग्रेड पे है, जबकि सचिवालय सहायक का 9300-34800 और 4600 ग्रेड पे है। इसे लेकर दारोगाओं में नाराजगी है। 5 साल में प्रमोशन और प्रतिनियुक्ति की दूरी तय करने की मांग दारोगाओं की प्रमुख मांगों में 5 साल की सेवा पूरी होने के बाद प्रमोशन देने की मांग शामिल है। इसके अलावा प्रतिनियुक्ति को 75 से 100 किलोमीटर के दायरे तक सीमित करने की मांग की जा रही है। दारोगाओं का कहना है कि कई बार प्रतिनियुक्ति 100 किलोमीटर से अधिक दूरी पर कर दी जाती है, जिससे उन्हें परेशानी होती है। ड्यूटी के तय समय और छुट्टी को लेकर भी समस्या दारोगाओं का कहना है कि पुलिस की नौकरी में ड्यूटी का कोई निश्चित समय नहीं रहता। कानून-व्यवस्था, जांच और आपात स्थिति के कारण कई बार निर्धारित समय से अधिक काम करना पड़ता है। समय पर छुट्टी नहीं मिलने की समस्या का भी उन्होंने मुद्दा उठाया है। पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया अभियान पर जताई आपत्ति 11 सितंबर के डिजिटल अभियान के दौरान पुलिस मुख्यालय की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई थी। एडीजी पुलिस मुख्यालय सुनील कुमार ने कहा था कि पुलिसकर्मियों का सोशल मीडिया अभियान बिहार पुलिस मैनुअल के खिलाफ है। उन्होंने कहा था कि मांगों के लिए संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों से मिलना चाहिए और सोशल मीडिया हैंडल की प्रामाणिकता की जांच के बाद आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। दारोगाओं की ओर से फिलहाल वेतन विसंगति दूर करने, पे लेवल-7 देने, समयबद्ध प्रमोशन, प्रतिनियुक्ति की दूरी सीमित करने और समय पर छुट्टी जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *