Headlines

मधुबनी में उत्पाद विभाग ने जब्त की 167 लीटर शराब:93 जगहों पर छापेमारी कर 7 लोगों को दबोचा, दो वाहन भी बरामद




मधुबनी में उत्पाद विभाग ने शराब के अवैध कारोबार और सेवन के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। सोमवार को जिले के अलग-अलग 93 ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए लोगों में पांच शराब तस्कर और दो शराब पीने वाले शामिल हैं। टीम ने कार्रवाई के दौरान कुल 167 लीटर शराब जब्त की, जिसमें 100 लीटर देसी और 67 लीटर विदेशी शराब थी। शराब के अवैध धंधे में इस्तेमाल हो रहे दो वाहन भी जब्त किए गए। मधुबनी के उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने मंगलवार शाम करीब 4 बजे इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में शराब के अवैध निर्माण, तस्करी, बिक्री और सेवन पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को विभाग की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में एक साथ कार्रवाई की और सात आरोपियों को पकड़ा। इस अभियान में उत्पाद विभाग की ड्रोन टीम ने भी अहम कार्रवाई की। ड्रोन की मदद से नगवास और ब्रह्मपुरी गांव में निगरानी की गई। निगरानी के दौरान बड़े पैमाने पर तैयार किए जा रहे अर्धनिर्मित शराब के घोल का पता चला। यह घोल शराब बनने से पहले ही तैयार किया जा रहा था। टीम ने करीब 535 किलोग्राम अर्धनिर्मित शराब का घोल जब्त कर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध शराब बनाने की तैयारी कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जिले में अवैध शराब बनाने और तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ड्रोन से संदिग्ध इलाकों पर नजर रखी जा रही है, ताकि शराब बनाने के ठिकानों का पता लगाकर समय पर कार्रवाई की जा सके। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *