![]()
समस्तीपुर में मोहिउद्दीननगर प्रखंड बाढ़ प्रभावित है। प्रखंड के बदिया हसनपुर गांव में मंगलवार को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पहुंचे। नाव से गांव पहुंचे पप्पू यादव ने बाढ़ पीड़ितों का हाल जाना और सरकार की ओर से मिल रही राहत और सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान पप्पू यादव ने बाढ़ पीड़ित महिलाओं के बीच नगद राशि का वितरण किया। उन्होंने पांच महिलाओं को एक-एक 500 के नोट दिए। उन्होंने कहा कि यह राशि इतनी नहीं है कि इससे किसी परिवार का सही तरीके से भरण-पोषण हो सके, लेकिन वह अपनी क्षमता के अनुसार लोगों की मदद कर रहे हैं। बाढ़ पीड़ितों की स्थिति देखकर उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा। पप्पू यादव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में महिलाएं और बच्चे भूख से तड़प रहे हैं। लोगों को न तो पर्याप्त भोजन मिल रहा है और न ही शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो पा रहा है। मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष को बाढ़ पीड़ितों की स्थिति देखने के लिए इसी पानी में उतरना चाहिए। उन्होंने आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि दोनों नेताओं को इसी पानी में डूब मरना चाहिए। उन्होंने सांसद चिराग पासवान पर भी निशाना साधा। कहा कि दोनों युवराजों को जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। वे समारोहों में व्यस्त हैं, जबकि बाढ़ प्रभावित लोग बदहाल स्थिति में जीने को मजबूर हैं। राहत व्यवस्था की वास्तविक स्थिति गांवों में ही पता चलती पप्पू यादव ने कहा कि मैं पिछले 18 दिनों से लगातार नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर जा रहा। वहां बाढ़ की स्थिति बेहद दयनीय है और पूरा क्षेत्र पानी से घिरा हुआ है। कई जगहों पर नाममात्र के कम्युनिटी किचन चलाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहत व्यवस्था की वास्तविक स्थिति गांवों के अंदर जाकर ही पता चलती है। अंदर फंसे लोगों तक न तो पर्याप्त भोजन पहुंच रहा है और न ही शुद्ध पानी। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन की ओर से राहत के नाम पर सिर्फ फोटो खिंचवाने का काम किया जा रहा है, जबकि बाढ़ के पानी में फंसे लोगों की मूल समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बाढ़ पीड़ित महिलाओं ने बताई परेशानी बदिया गांव में कई बाढ़ पीड़ितों ने पप्पू यादव को अपनी परेशानी बताई। कुछ महिलाएं उनसे बात करते हुए भावुक हो गईं। महिलाओं ने बताया कि अब तक उन्हें पर्याप्त राहत सामग्री नहीं मिली है। कुछ जगहों पर कम्युनिटी किचन चल रहे हैं, लेकिन पानी के कारण महिलाएं वहां तक नहीं पहुंच पा रही हैं। ऐसे में कई परिवार घर के अंदर ही किसी तरह चूड़ा और गुड़ खाकर गुजारा कर रहे हैं। पप्पू यादव ने बाढ़ पीड़ितों से सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए वे अपनी ओर से हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।
Source link
नाव से बाढ़ प्रभावित गांव पहुंचे पप्पू यादव:500-500 के नोट बांटे, कहा- परेशानी जानने के लिए सीएम को भी गांव आना चाहिए
