Headlines

गयाजी में 10 दिन में 4.54 लाख वसूले:पितृपक्ष से पहले गयाजी में अतिक्रमण पर निगम की कार्रवाई, फुटपाथ-सड़कों से हटेगा कब्जा




गयाजी में पितृपक्ष मेला से पहले नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुगम और सुरक्षित व्यवस्था बनाने की तैयारी है। नगर आयुक्त डॉ. गगन के निर्देश पर निगम की टीमें लगातार मेला क्षेत्र, मुख्य सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक जगहों का निरीक्षण कर रही हैं। जहां भी अतिक्रमण मिल रहा है, वहां कार्रवाई के साथ जुर्माना भी वसूला जा रहा है। नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक, 4 सितंबर से 14 सितंबर तक सिर्फ 10 दिनों में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 4 लाख 54 हजार 900 रुपए का जुर्माना वसूला गया है पितृपक्ष मेला के दौरान गयाजी में लाखों श्रद्धालु आते हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी लोग पिंडदान और तर्पण के लिए गयाजी पहुंचते हैं। शहर की सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण होने से पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं और वाहनों को दिक्कत होती है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की टीम मुख्य रास्तों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार जांच कर रही है। सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जों को पहचान कर उन्हें हटाने की कार्रवाई की जा रही है। दोबारा कब्जा न हो, होगी निगरानी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जाए। नगर निगम ने उन इलाकों पर खास नजर रखने की योजना बनाई है, जहां मेला के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ सबसे ज्यादा रहने की संभावना है। निगम का मकसद सिर्फ अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि मुख्य रास्तों को पूरे मेला के दौरान खुला और व्यवस्थित रखना भी है।
आवारा पशुओं पर भी कार्रवाई, 23 हजार की वसूली
सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर आवारा पशुओं के विचरण को लेकर भी नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम के अनुसार, आवारा पशुओं से संबंधित मामलों में 23 हजार रुपए दंड शुल्क की वसूली की गई है। नगर निगम का मानना है कि मेला क्षेत्र में आवारा पशुओं की मौजूदगी से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो सकता है। ऐसे में अतिक्रमण के साथ-साथ आवारा पशुओं के खिलाफ भी कार्रवाई को अभियान का हिस्सा बनाया गया है। श्रद्धालुओं के लिए प्याऊ की मरम्मत
इधर, पितृपक्ष मेला की तैयारियों के तहत नगर निगम शहर के विभिन्न प्याऊ की मरम्मत और आवश्यक रखरखाव भी करा रहा है। इसके कारण जिन प्याऊ पर फिलहाल मरम्मत का काम चल रहा है, वहां अगले दो-चार दिनों तक पेयजल की आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रहेगी। नगर निगम ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से मरम्मत कार्य के दौरान सहयोग करने की अपील की है। निगम का कहना है कि मेला अवधि में बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह काम कराया जा रहा है।
इन इलाकों के प्याऊ में चल रहा काम
सहायता या जानकारी के लिए नंबर जारी
मरम्मती वाले प्याऊ में पंचायती अखाड़ा पुल के पास वार्ड संख्या छह, पंचायती अखाड़ा के दक्षिण वार्ड संख्या सात, बाटा मोड़ के पश्चिम हनुमान मंदिर एवं महावीर स्कूल गेट वार्ड संख्या 18, मन्नूलाल लाइब्रेरी गांधी मैदान गेट और समीर तकिया मिडिल स्कूल वार्ड संख्या 36, कोइरी बारी मोड़ वार्ड संख्या 37, ब्राह्मणी घाट दलित टोला वार्ड संख्या 39, टिल्हा धर्मशाला पूर्वी वार्ड संख्या 42 और सिकड़िया मोड़ स्थित डानकल स्कूल वार्ड संख्या 29 शामिल हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए कनीय अभियंता के मोबाइल नंबर 9801691121 पर संपर्क किया जा सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *