Headlines

मोबाइल चोरी कर बैंक खातों से उड़ाए ₹2.44 लाख:मधुबनी के दिलीप कुमार के साथ साइबर ठगी, थाना में दर्ज कराई शिकायत




मधुबनी जिले के खुटौना थाना क्षेत्र के कुसमार गांव निवासी दिलीप कुमार के साथ ठगी हुई है। उनका मोबाइल चोरी होने के बाद साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खातों से कुल 2 लाख 44 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने मंगलवार शाम मधुबनी साइबर थाना में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। दिलीप कुमार ने बताया कि वे 2 सितंबर 2026 को बस से कांवड़ियों को लेकर देवघर गए थे। इसी दौरान 2 और 3 सितंबर की आधी रात को बस में सोते समय किसी अज्ञात चोर ने उनका मोबाइल चुरा लिया। उन्हें 3 सितंबर की सुबह मोबाइल चोरी होने का पता चला, जिसके बाद उन्होंने तुरंत अपने मोबाइल में लगे सिम को बंद करा दिया। देवघर से 12 सितंबर 2026 को घर वापस लौटने के बाद दिलीप ने नया सिम लिया और अपने बैंक खातों की जांच की। जांच के दौरान उन्हें पता चला कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके स्टेट बैंक के खाते से 14 हजार रुपये और सेंट्रल बैंक के खाते से 2 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए हैं। इस तरह दोनों बैंक खातों से कुल 2 लाख 44 हजार रुपये की अवैध निकासी की गई। उन्होंने बताया कि खातों से राशि की निकासी 3 सितंबर को ही कर ली गई थी, जिसकी जानकारी उन्हें 12 सितंबर को मोबाइल दोबारा चालू कराने के बाद मिली। जानकारी मिलने के बाद 12 सितंबर को ही साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद मंगलवार को मधुबनी साइबर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया गया। इस संबंध में मधुबनी साइबर डीएसपी और थानाध्यक्ष अंकुर कुमार ने बताया कि पीड़ित का आवेदन मिल गया है। मामले की जांच की जा रही है और FIR दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी जांच के आधार पर साइबर अपराधियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *