![]()
समस्तीपुर रेल पुलिस ने ‘डंप’ टेक्निक के जरिए अंतरप्रांतीय चेन स्नेचर गिरोह का खुलासा किया है। ये गिरोह ट्रेनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्य समस्तीपुर और दरभंगा के अलावा ओडिशा के जगन्नाथपुरी में रथयात्रा के दौरान भी चेन स्नेचिंग कर रहे थे। पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के चंपाहाटी, बरुईपुर निवासी राजू लश्कर के रूप में हुई है। चोरी के एक मामले में रेल कोर्ट में पेशी के लिए आया, पुलिस ने दबोचा राजू लश्कर पूर्व में समस्तीपुर जंक्शन पर हुई चोरी के एक मामले में रेल कोर्ट में पेशी के लिए आया था। इसी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसे गत चार जुलाई को ट्रेन संख्या 13225 इंटरसिटी एक्सप्रेस से मुजफ्फरपुर जा रही कहकशां तरन्नुम नामक महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में गिरफ्तार किया है। उसे जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, ओडिशा में गिरफ्तार उसके अन्य साथी को रिमांड पर लेने की तैयारी रेल पुलिस कर रही है। ऐसे आरोपियों तक पहुंची पुलिस टीम रेल थानाध्यक्ष वीरबल कुमार ने बताया कि पिछले चार जुलाई को ट्रेन संख्या 13225 इंटरसिटी एक्सप्रेस से मुजफ्फरपुर जा रही कहकशां तरन्नुम के गले से सोने की चेन चोरी हो गई थी। इस मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। काफी प्रयास के बाद भी पुलिस को चोरों का सुराग नहीं मिल रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने ‘डंप’ विधि का सहारा लिया। डंप के दौरान समस्तीपुर जंक्शन के संबंधित प्लेटफॉर्म पर करीब तीन हजार मोबाइल नंबर सक्रिय मिले। इनमें सात मोबाइल नंबर ऐसे थे, जो आपस में कॉमन पाए गए। जांच में पता चला कि तीन जुलाई को यही सातों मोबाइल नंबर दरभंगा स्टेशन पर भी सक्रिय थे। इससे पुलिस का शक गहरा गया। इसके बाद इन सातों नंबरों को निगरानी में रखा गया। जगन्नाथपुरी में रथयात्रा के दौरान इन सातों मोबाइल नंबरों की टावर लोकेशन पुरी में मिली। इसके बाद अचानक सभी सातों नंबर बंद हो गए। रेल एसपी ने पुरी के एसपी से संपर्क किया तो पता चला कि सात में से छह बदमाशों को पुरी में चेन चोरी के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी दौरान पुलिस को गिरोह के एक अन्य सदस्य के समस्तीपुर आने की भनक लगी। इसके बाद पुलिस ने राजू लश्कर को गिरफ्तार कर लिया। ट्रेन के गेट पर बनाते थे कृत्रिम भीड़ इंस्पेक्टर ने बताया कि पूछताछ और जांच में गिरोह के सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। गिरोह के सदस्य ट्रेन की बोगी के गेट पर कृत्रिम भीड़ बनाकर यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने से रोकते थे। इसी दौरान गिरोह का दूसरा सदस्य भीड़ का फायदा उठाकर किसी महिला के गले से चेन झपट लेता था और मौके से फरार हो जाता था। समस्तीपुर, दरभंगा और जगन्नाथपुरी में हुई घटनाओं में गिरोह ने इसी तरीके का इस्तेमाल किया। बदमाश पहले गेट पर जानबूझकर भीड़ लगाते थे। इस दौरान जैसे ही कोई महिला उनकी चपेट में आती थी, गिरोह का सदस्य मौका देखकर उसके गले से चेन झपट लेता था।
Source link
समस्तीपुर- चेन स्नेचिंग का आरोपी अरेस्ट, बंगाल का रहनेवाला है:गुर्गों के साथ ट्रेनों के गेट पर लगाता था भीड़, मौका देख झपट लेता था चेन
