Headlines

भोजपुर में ज्वेलरी लूट मामले में 3 के खिलाफ FIR:दुकानबंद कर लौटने के दौरान कारोबारी की गर्दन में मारी थी गोली, एक लाख के लूटे थे गहने




भोजपुर के सिकरहटा थाना क्षेत्र में आभूषण दुकानदार को गोली मारकर गहने लूटने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जख्मी दुकानदार कुरमुरी गांव निवासी भोला साह के फर्द बयान पर एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात हथियारबंद अपराधियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वारदात सोमवार की देर शाम देव बाजार और कुरमुरी गांव के बीच हुई थी। अपराधियों ने ओवरटेक कर दुकानदार की बाइक रुकवाई और गोली मारने के बाद गहनों से भरा झोला लूटकर फरार हो गए। झोले में करीब एक लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और दुकान की चाबी रखी थी। अपराधियों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी घटना के बाद पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर पीरो डीएसपी कन्हैया कुमार के नेतृत्व में डीआइयू और एसटीएफ की टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस तकनीकी और मानवीय आधार पर अपराधियों तक पहुंचने के लिए सुराग जुटा रही है। वारदात के संभावित रूट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों की बाइक और उनके भागने की दिशा के संबंध में अहम सुराग मिल सकते हैं। अपराधियों ने हथियार के बल पर उन्हें डराया और गोली मार दी प्राथमिकी के अनुसार, भोला साह देव बाजार स्थित अपनी आभूषण की दुकान बंद करने के बाद अपनी अपाचे बाइक से घर लौट रहे थे। उनके पास एक झोला था, जिसमें दुकान के सोने-चांदी के करीब एक लाख रुपए मूल्य के आभूषण और दुकान की चाबी रखी हुई थी। जैसे ही वे देव बाजार और कुरमुरी गांव के बीच पहुंचे, पीछे से एक अपाचे बाइक पर सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने उनका पीछा करते हुए ओवरटेक किया और बाइक रोक दी। इसके बाद अपराधियों ने हथियार के बल पर उन्हें डराया और गोली मार दी। गोली उनके दाएं तरफ गर्दन के पास लगी, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान अपराधियों ने उनके पास मौजूद गहनों से भरा झोला लूट लिया और बाइक से फरार हो गए। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने परिजन को दी जानकारी गोली चलने की आवाज और दुकानदार के जख्मी होने के बाद आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए तरारी सीएचसी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उन्हें आरा शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। इधर, पुलिस वारदात के बाद अपराधियों के भागने वाले रास्ते की जानकारी जुटा रही है। थानाध्यक्ष सनोज कुमार ने बताया कि तीन अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। तकनीकी जांच के साथ सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *