पटना7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित मिलर ग्राउंड में आज से तीन दिवसीय भव्य ‘कृष्णोत्सव 2026’ का शुभारंभ हुआ है। यह धार्मिक और सांस्कृतिक महोत्सव 2 सितंबर से 4 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।
आयोजन का उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, मिलर ग्राउंड में कुर्सियां खाली रहीं। मुश्किल से 50 से 100 लोग आए हैं।
‘हर हृदय में कृष्ण, हर पल में उत्सव’ होगी इस बार की थीम
कृष्णोत्सव 2026 की मुख्य थीम “हर हृदय में कृष्ण, हर पल में उत्सव” रखी गई है। आयोजन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
आयोजन समिति के निवेदक सायन कुणाल के अनुसार, यह उत्सव केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं होगा, बल्कि युवाओं को सामाजिक सौहार्द और पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया जाएगा।

सीएम ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कृष्णोत्सव 2026 की मुख्य थीम “हर हृदय में कृष्ण, हर पल में उत्सव” रखी गई है

सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ।
उद्घाटन के बाद सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भजनों और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित कई प्रस्तुतियां दर्शकों के सामने पेश की गई।
पहले दिन बांसुरी वादन, नृत्य और भजन संध्या का आयोजन
कृष्णोत्सव के पहले दिन कई चर्चित कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम की शुरुआत भक्ति और संगीत के माहौल से होगी। उस्ताद डॉ. मुजतबा हुसैन और चाहत हुसैन अपनी सुरीली बांसुरी की प्रस्तुति देंगे।
भगवान श्रीकृष्ण और बांसुरी के संबंध को देखते हुए यह प्रस्तुति उत्सव का खास आकर्षण मानी जा रही है। इसके बाद प्रिंस डांस ग्रुप भगवान श्रीकृष्ण की गाथा और लीलाओं पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देगा। वहीं, सुप्रसिद्ध भारतीय पार्श्वगायक सत्येंद्र संगीत भजन संध्या और भक्ति संगीत की प्रस्तुति देंगे।
दूसरे दिन बच्चों के नाम रहेगा कृष्णोत्सव
3 सितंबर, गुरुवार को कृष्णोत्सव का दूसरा दिन बच्चों और भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को समर्पित रहेगा। इस दिन भी उस्ताद डॉ. मुजतबा हुसैन और चाहत हुसैन बांसुरी वादन की प्रस्तुति देंगे। दोनों कलाकारों की जुगलबंदी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण होगी।
बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें बच्चे राधा और कृष्ण सहित विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक पात्रों के रूप में नजर आएंगे।
इसके अलावा स्थानीय और बाल कलाकारों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य बाल लीलाओं का जीवंत रंगमंचीय मंचन किया जाएगा। आयोजन समिति को उम्मीद है कि यह कार्यक्रम बच्चों और परिवारों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनेगा।
तीसरे दिन जन्माष्टमी पर चरम पर पहुंचेगा उत्सव
4 सितंबर, शुक्रवार को जन्माष्टमी के मुख्य अवसर पर कृष्णोत्सव अपने चरम पर पहुंचेगा। शाम 6 बजे से शुरू होने वाला कार्यक्रम मध्यरात्रि तक चलेगा। इस दिन मशहूर गायक बी प्राक (B Praak) अपनी पूरी टीम के साथ लाइव प्रस्तुति देंगे। बी प्राक अपनी दमदार आवाज में भक्ति गीतों के साथ अपने लोकप्रिय गानों की प्रस्तुति भी देंगे।

श्रीकृष्ण जन्म के पावन क्षण में होगा पारंपरिक सोहर और बधाई गायन
मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान किन्नर समुदाय के कलाकार पारंपरिक बधाई और सोहर गायन की प्रस्तुति देंगे।
आयोजकों के अनुसार, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के इस विशेष क्षण को पारंपरिक लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के साथ मनाया जाएगा। कृष्णोत्सव में युवाओं के लिए पारंपरिक और आधुनिक संगीत का अनूठा संगम भी देखने को मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान लाइव भांगड़ा और ‘भजन क्लबिंग’ का आयोजन किया जाएगा।

